गोल्डन टेंपल पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, बोले-राजनीति से पहले देश; शांति-भाईचारा प्राथमिकता
भाजपा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका और सरबत के भले की अरदास की। उन्होंने पंजाब में शांति, भाईचारे और संगठन मजबूती को प्राथमिकता बताया।

श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होते हुए सतीश पूनिया।
HighLights
सतीश पूनिया ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका।
कहा, राजनीति से पहले देश, पंजाब में शांति प्राथमिकता।
पंजाब सरकार पर नशे, कानून व्यवस्था को लेकर साधा निशाना।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। भाजपा पंजाब प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सतीश पूनिया ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। उन्होंने सरबत के भले की अरदास की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में पूनिया ने कहा कि राजनीति से पहले देश आता है। पंजाब में शांति, भाईचारा और समृद्धि बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
सतीश पूनिया ने कहा कि श्री दरबार साहिब शांति, समानता और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वह राजस्थान से गुरुओं और शहीदों की धरती पर आए हैं। इस दौरान उन्होंने पंजाब की खुशहाली और सभी लोगों के कल्याण की कामना की।
यह भी पढ़ें- कनाडा में पढ़ाई का सपना अब और महंगा, GIC राशि बढ़ी; डालर महंगा होने से अभिभावकों की बढ़ी चिंता
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
पूनिया ने कहा कि उन्हें पंजाब में भाजपा के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय करना और संगठन को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावी रणनीति को लेकर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के अन्य नेता विस्तार से जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी पंजाब के लोगों के बीच अपनी नीतियों और विचारों को लेकर जाएगी। भाजपा का प्रयास रहेगा कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को और प्रभावी बनाया जाए।
यह भी पढ़ें- 'ये SIR का काम, सरकार वोट कैसे हटा सकती है', अनुराग ढांडा ने राघव चड्ढा के AAP पर लगाए आरोपों पर दिया रिएक्शन
नशे और कानून व्यवस्था पर निशाना
सतीश पूनिया ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर नशे, अपराध, आर्थिक परेशानियों और कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर सरकार लोगों की अपेक्षाओं के अनुसार काम नहीं कर पा रही है।
उन्होंने पंजाब में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ाने, निवेश लाने और बेहतर शासन व्यवस्था उपलब्ध कराने पर काम किया जाएगा। पूनिया ने कहा कि पंजाब की तरक्की के लिए मजबूत संगठन और बेहतर प्रशासन जरूरी है।
