विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिर बठिंडा में धमाके की धमकी! जिला परिषद और अदालत परिसर खाली करवाया; ईमेल से खालिस्तानी कनेक्शन की आशंका

Published: Thu, 03 Sep 2026 03:02 PM (IST)

बठिंडा में जिला अदालत और जिला परिषद को बम से उड़ाने की धमकी मिली। एक सप्ताह में दूसरी बार धमकी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हुईं, तलाशी में कुछ नहीं मिला।

कोर्ट परिसर में जांच करते हुए पुलिस।

कोर्ट परिसर में जांच करते हुए पुलिस।

HighLights

  1. बठिंडा अदालत और जिला परिषद को बम की धमकी मिली।

  2. ईमेल में खालिस्तानी संगठनों से जुड़े होने का दावा किया गया।

  3. पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई और तकनीकी जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिला अदालत और जिला परिषद को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद वीरवार को बठिंडा में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। दोनों परिसरों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने परिसर के अलग-अलग हिस्सों की गहनता से जांच की और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

धमकी की गंभीरता को देखते हुए अदालत परिसर और जिला परिषद कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी गई। सुरक्षा कर्मियों ने परिसर के भीतर और आसपास के क्षेत्रों की जांच की। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

धमकी भरे ईमेल में भेजने वालों ने खुद को कुछ प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठनों से जुड़ा होने का दावा किया है। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि किए बिना ईमेल के स्रोत और इसके पीछे की मंशा की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में अकाली दल की जनरल काउंसिल की सेकंड लिस्ट जारी, सुखबीर बादल ने की 7 जिलों के सदस्यों की घोषणा

एक सप्ताह में दूसरी बार अदालतें निशाने पर

बठिंडा में अदालतों को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक सप्ताह पहले भी जिले के सभी अदालत परिसरों को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा कुछ निजी स्कूलों को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित परिसरों की तलाशी लेकर सुरक्षा प्रबंध बढ़ाए थे।

इससे पहले 15 अगस्त को नगर निगम कार्यालय और मेयर कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिये मिली थी। लगातार सामने आ रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें- लुधियाना के फिल्लौर में बेकाबू ट्रक डिवाइडर फांदकर टाटा ऐस से टकराया, 13 यात्री घायल; SSF ने संभाला मोर्चा

तकनीकी जांच में जुटी पुलिस

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौजूदा धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके तकनीकी स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं। पुलिस पिछली धमकियों और इस बार मिले ईमेल के बीच संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- वड़िंग vs चन्नी: पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी पर दिल्ली में आज मंथन, राहुल गांधी संभालेंगे कमान!