वड़िंग vs चन्नी: पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी पर दिल्ली में आज मंथन, राहुल गांधी संभालेंगे कमान!
पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान के बीच दिल्ली में आज अहम बैठक होगी। वड़िंग और बाजवा शामिल होंगे। राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे और चुनाव तैयारियों पर चर्चा होगी।

पीपीसीसी प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग व विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा।
HighLights
पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर दिल्ली में अहम बैठक।
राजा वड़िंग और प्रताप बाजवा बैठक में होंगे शामिल।
राहुल गांधी के 11-13 सितंबर पंजाब दौरे पर मंथन।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच गुरुवार को दिल्ली में पार्टी की एक अहम बैठक होने जा रही है। कांग्रेस के इंदिरा भवन में होने वाली इस बैठक में पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा शामिल होंगे।
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल समेत पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बैठक को पंजाब कांग्रेस के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पिछले करीब दो महीने से प्रदेश कांग्रेस में राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बीच मतभेद और गुटबाजी को लेकर लगातार चर्चा रही है। ऐसे में पार्टी हाईकमान की कोशिश है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले प्रदेश संगठन में आपसी मतभेदों को कम कर एकजुटता का संदेश दिया जाए।
यह भी पढ़ें- चुनावी मोड में पंजाब कांग्रेस, आज चंडीगढ़ पहुंचेगी AICC टीम; जनता से फीडबैक लेकर बनेगा 2027 का मेनिफेस्टो

बठिंडा में कोर्ट परिसर में जांच करते हुए पुलिस।
11 से 13 सितंबर के बीच आ सकते हैं राहुल
बैठक में पंजाब कांग्रेस से जुड़े संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी मंथन हो सकता है। इसके अलावा राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी के 11 से 13 सितंबर के बीच पंजाब दौरे पर आने की संभावना है। उनके करीब तीन दिन पंजाब में रहने का कार्यक्रम बन सकता है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम पर हाईकमान की मुहर लगना अभी बाकी है।
यह भी पढ़ें- DA बकाये पर पंजाब सरकार का पलटवार, वित्त मंत्री बोले-कई राज्यों से ज्यादा वेतन; सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
AICC की टीम कर चुकी दौरा
राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों के लिए AICC की टीम पहले ही पंजाब और चंडीगढ़ पहुंच चुकी है। टीम ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठक के बाद राहुल गांधी के पंजाब दौरे का कार्यक्रम अगले एक-दो दिन में स्पष्ट हो सकता है।
बैठक के जरिए हाईकमान पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को एकजुट करने का संदेश भी देना चाहती है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ बॉर्डर पर डटे किसान आज ले सकते हैं बड़ा फैसला, प्रशासन के साथ 2 बजे बाद होने वाली बैठक पर नजर
