लुधियाना के फिल्लौर में बेकाबू ट्रक डिवाइडर फांदकर टाटा ऐस से टकराया, 13 यात्री घायल; SSF ने संभाला मोर्चा
फिल्लौर के मुथड्डा कलां के पास ट्रक डिवाइडर पार कर टाटा ऐस से टकरा गया। हादसे में 13 यात्री घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।

क्षतिग्रस्त टाटा ऐस और बिखरा हुआ सामान।
HighLights
फिल्लौर में बेकाबू ट्रक डिवाइडर पार कर टाटा ऐस से टकराया।
हादसे में टाटा ऐस के 13 यात्री गंभीर रूप से घायल।
सड़क सुरक्षा बल ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, यातायात सुचारु किया।
शिवानी पराशर, फिल्लौर (लुधियाना) । लुधियाना के फिल्लौर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुथड्डा कलां गेट के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक का संतुलन बिगड़ने से बड़ा हादसा हो गया। ट्रक डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ से आ रहे टाटा ऐस से जा टकराया। टाटा ऐस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया।
जानकारी के अनुसार गोराया से फिल्लौर की ओर जा रहे एक ट्रक का मुथड्डा कलां गेट के पास अचानक संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद ट्रक डिवाइडर को पार करते हुए फिल्लौर से गोराया की तरफ जा रहे टाटा ऐस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा ऐस में सवार सभी 13 यात्रियों को चोटें आईं।
हादसे की सूचना सड़क सुरक्षा बल के प्रभारी सरबजीत सिंह और संबंधित पुलिस टीम को मिली। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने सबसे पहले टाटा ऐस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकालकर मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया।
यह भी पढ़ें- वड़िंग vs चन्नी: पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी पर दिल्ली में आज मंथन, राहुल गांधी संभालेंगे कमान!
108 और राष्ट्रीय राजमार्ग की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को बुलाया गया। 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग की एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सिविल अस्पताल फगवाड़ा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़क सुरक्षा बल की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। इससे यातायात को सुचारू किया गया और मौके पर दूसरा हादसा होने का खतरा भी टल गया।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में कुत्ता घुमाने को लेकर हुआ विवाद, युवती के पिता-पुत्र पर की फायरिंग; दो घायल अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लिया
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस की ओर से घटना की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक का संतुलन बिगड़ने को हादसे का कारण बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
सड़क सुरक्षा बल की त्वरित कार्रवाई के कारण घायलों को समय रहते प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। फिलहाल सभी घायलों के उपचार की प्रक्रिया जारी है।
यह भी पढ़ें- DA बकाये पर पंजाब सरकार का पलटवार, वित्त मंत्री बोले-कई राज्यों से ज्यादा वेतन; सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
