विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी सितंबर में पंजाब आएंगे! श्री हरिमंदिर साहिब से बस यात्रा की तैयारी, दौरे की तैयारी तेज

Published: Sat, 29 Aug 2026 07:00 AM (IST)

राहुल गांधी के सितंबर में पंजाब दौरे की संभावना है। हरमंदिर साहिब से बस यात्रा प्रस्तावित है। गुटबाजी के बीच चुनाव समितियों के विस्तार और संगठन एकजुटता पर नजर है।

अमृतसर में दौरे के दौरान राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

अमृतसर में दौरे के दौरान राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राहुल गांधी सितंबर के दूसरे सप्ताह में पंजाब आएंगे।

  2. श्री हरिमंदिर साहिब से 135 किमी की बस यात्रा होगी।

  3. विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन को एकजुट करने का लक्ष्य।

डाॅ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पंजाब दौरे को लेकर पार्टी में गतिविधियां तेज हो गई हैं। राहुल गांधी के सितंबर के दूसरे सप्ताह तक पंजाब आने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अगले दो-तीन दिनों में कांग्रेस हाईकमान से मंजूरी मिलने के बाद जारी हो सकता है।

दौरे को लेकर पंजाब कांग्रेस के स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राहुल गांधी के पंजाब दौरे को विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को एकजुट करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। हाल ही में संसद के मानसून सत्र के दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें पंजाब आने का प्रस्ताव दिया था।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और संगठन में चल रही खींचतान को लेकर भी चर्चा हुई थी। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी के दौरे के दौरान कांग्रेस की प्रस्तावित बस यात्रा अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब से शुरू होगी।

यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन पर पंजाब की महिलाओं को मिला शगुन, सीएम बोले- 5.30 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 181.50 करोड़

135 किमी की होगी यात्रा

यात्रा के पहले चरण में करीब 135 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 15 से अधिक जिलों को कवर करने की योजना है। पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली से पार्टी के कुछ बड़े नेता भी इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं। दौरे से पहले राहुल गांधी की टीम पंजाब में अपनी काम कर लौट चुकी है।

राहुल गांधी प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर मैदान में उतरने का संदेश दे सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग, प्रताप सिंह बाजवा, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी अलग-अलग मुलाकात की संभावना भी है।

चुनाव समितियों के विस्तार पर भी नजर

एक जुलाई को विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान की ओर से 21 सदस्यों वाली विभिन्न चुनाव समितियों की घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस में मतभेद खुलकर सामने आए थे। चन्नी खेमे के कई नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग को बदलने की मांग उठाई थी।

हालांकि पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रदेश अध्यक्ष को बदलने का कोई फैसला नहीं है। वहीं चुनाव समितियों का विस्तार किए जाने की संभावना है और राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले ही नई समितियों की घोषणा हो सकती है।

यह भी पढ़ें- CM मान से लेकर शिवराज सिंह तक... अमृतसर में लगा दिग्गजों का अखाड़ा, रक्खड़ मेले से कैसे बदलेगा पंजाब का चुनावी गणित?

कार्यक्रमों में अलग-अलग नजर आए कांग्रेस नेता

पार्टी में गुटबाजी का असर हाल के कार्यक्रमों में भी दिखाई दिया है। चंडीगढ़ में महंगाई के मुद्दे पर राजा वड़िंग के कार्यक्रम से चन्नी और उनके समर्थक नेताओं की दूरी बनी रही। वहीं बाबा बकाला साहिब में राखड़ पुन्नियां मेले के दौरान चन्नी सहित कांग्रेस के कई नेता पहुंचे, जबकि राजा वड़िंग कार्यक्रम में नजर नहीं आए।

ऐसे में राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले संगठन को एकजुट करना हाईकमान के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। दौरे के बाद प्रदेश कांग्रेस में नई सियासी हलचल तेज होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- बाबा बकाला में सुखबीर बादल का विपक्ष पर हमला, बोले- अकाली दल कमजोर हुआ तो पंजाब के अधिकारों पर बढ़ा खतरा