विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हमेशा पंजाब के बारे में सोचा, तन-मन से...'; राजा वड़िंग ने नम आंखों से बंगला साहिब में टेका माथा, अब किसे मिलेगी कमान?

Published: Fri, 02 Oct 2026 05:27 PM (IST)

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद राहुल गांधी से मुलाकात की और दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेका।

राजा वड़िंग ने बंगला साहिब में टेका माथा। फोटो- सोशल मीडिया

राजा वड़िंग ने बंगला साहिब में टेका माथा। फोटो- सोशल मीडिया

HighLights

  1. राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा।

  2. इस्तीफे के बाद राहुल गांधी से भावुक मुलाकात की।

  3. विजय इंदर सिंगला अगले पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के प्रबल दावेदार।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इस्तीफा देने के बाद राजा वड़िंग ने राहुल गांधी से मुलाकात की। इसके बाद दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में नम आंखों से माथा टेका। उन्होंने एक्स पर फोटो भी साझा की है।

राजा वड़िंग ने लिखा कि मेरे ऊपर वाहेगुरु जी की असीम कृपा है कि जो भी कार्य मुझे सौंपा गया, मैंने उसे तन-मन से पूरा किया। मैंने हमेशा पंजाब के बारे में सोचा है और पंजाब हमेशा मेरी पहली प्राथमिकता रहेगा। भविष्य में जो भी जिम्मेदारी मुझे मिलेगी, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। गुरु साहब जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए मैंने गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में सिर झुकाकर सभी के कल्याण के लिए अरदास की।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद क्या बोले राजा वड़िंग?

बता दें कि राजा वड़िंग ने गुरुवार (1 अक्टूबर) को ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद अपना सोशल मीडिया प्रोफाइल भी अपडेट कर लिया। इस्तीफे के अगले दिन गांधी जयंती पर दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद वे बेहद भावुक दिखे। हालांकि, उन्होंने बताया कि मैंने अपने मन से इस्तीफा दिया है। मुझे किसी बात का कोई मलाल नहीं है। हमें कुछ दिनों की छुट्टी की जरूरत है। आगे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, मैं पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।

राहुल गांधी के पोस्ट को किया शेयर

गांधी जयंती पर राहुल गांधी ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पोस्ट किया। रीपोस्ट करते हुए राजा वड़िंग ने गांधी जी को याद किया। उन्होंने कहा कि बापू ने हमें कभी झुकना नहीं सिखाया। सत्य, अहिंसा और न्याय के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी और मानवता के लिए एक अमिट संदेश छोड़ा।

विजय इंदर को मिल सकती है कमान

राजा वड़िंग ने करीब साढ़े चार साल तक पंजाब कांग्रेस की कमान संभाली। उनके इस्तीफे के बाद अब पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है इस रेस में संगरूर से पूर्व सांसद रहे विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे ऊपर चल रहा है।

लेकिन कई दूसरे उम्मीदवार भी इस रेस में चल रहे हैं। लिस्ट में विजय इंदर सिंगला, परगट सिंह, सुखविंदर रंधावा और चरणजीत सिंह चन्नी शामिल हैं। इस लिस्ट में विजय इंदर सिंगला का नाम टॉप पर हैं। पार्टी अब पंजाब की कमान किसे सौंपती है, इस पर अब सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- 'आपने कभी झुकना नहीं सिखाया...', गांधी जी को याद कर भावुक हुए राजा वड़िंग; राहुल गांधी का पोस्ट किया शेयर

यह भी पढ़ें- 'कहने को अब कुछ नहीं...', इस्तीफे के बाद दिल्ली रवाना हुए राजा वड़िंग; शुक्रवार को राहुल गांधी से होगी मुलाकात

यह भी पढ़ें- कौन हैं राजा वड़िंग? जिन्होंने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, ब्लॉक यूथ से प्रदेश प्रधान तक का सियासी सफर