'टिकट चाहिए तो सिर्फ और सिर्फ डेरा बाबा नानक से...', सांसद सुखजिंदर रंधावा ने कांग्रेस हाईकमान को दिया संदेश
कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पार्टी में टिकट योग्यता और जीतने की क्षमता के आधार पर दिया जाना चाहिए, न कि चापलूसी पर।

टिकट चाहिए तो सिर्फ डेरा बाबा नानक से: सुखजिंदर रंधावा।
HighLights
टिकट योग्यता और जीतने की क्षमता पर आधारित हो
डेरा बाबा नानक से ही चुनाव लड़ने की इच्छा
परिवार ने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति को प्राथमिकता दी
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कांग्रेस नेता और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि जब उन्हें पार्टी का टिकट मिला था, उस समय उनके पिता पार्टी के अध्यक्ष थे और उन्होंने उसी दिन सक्रिय राजनीति से अलग होने का फैसला कर लिया था। रंधावा ने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा सिद्धांतों की राजनीति को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि यदि टिकट लेना होगा तो केवल एक टिकट लिया जाएगा और वह डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र से ही होगा। इसके अलावा किसी अन्य सीट से टिकट लेने का सवाल ही नहीं है।
रंधावा ने कहा कि पार्टी में टिकट योग्यता और जीतने की क्षमता के आधार पर दिया जाना चाहिए, न कि किसी की चापलूसी या खुशामद के आधार पर। उन्होंने स्पष्ट कहा कि टिकट उन लोगों को मिलना चाहिए जो चुनाव जीतने की क्षमता रखते हैं और संगठन के लिए जमीन पर काम करते हैं।
केवल नेताओं की खुशामद करने वालों को टिकट देना पार्टी के हित में नहीं है। इंटरनेट मीडिया पर रंधावा के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट वितरण की संभावित रणनीति और दावेदारों के लिए स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

