पंजाब चुनाव से पहले BJP का मास्टरस्ट्रोक! मनप्रीत बादल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त, तरुण चुग को नया प्रभार
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण नियुक्तियां कीं, जिसमें पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया।

मनप्रीत सिंह बादल को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया।
HighLights
मनप्रीत सिंह बादल भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त
तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कीं केंद्रीय संगठन में नियुक्तियां
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार (17 अगस्त, 2026) को पार्टी के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं।
पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले BJP का मास्टरस्ट्रोक
मनप्रीत सिंह बादल ने जनवरी 2023 में कांग्रेस छोड़कर BJP का दामन थामा था। इससे पहले वे पंजाब के वित्त मंत्री रह चुके हैं। मनप्रीत सिंह बादल, शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता रहे प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। यानी BJP ने पंजाब की राजनीति के एक चर्चित राजनीतिक परिवार से आने वाले नेता को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
मनप्रीत बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तरुण चुग को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने से पंजाब से जुड़े दो प्रमुख नेताओं की राष्ट्रीय संगठन में भूमिका महत्वपूर्ण हुई है। चुग पहले से BJP के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। अब उन्हें पार्टी के केंद्रीय कार्यालय प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। तरुण चुग लंबे समय से पंजाब की राजनीति और संगठन में BJP के प्रमुख चेहरों में रहे हैं।
बता दें कि 2027 में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाला है और इसको मद्देनजर रखते हुए बीजेपी ने पंजाब के नेताओं को केंद्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी दी है। बीजेपी के इस फैसले को राजनीतिक पंडित मास्टरस्ट्रोक बता रहे हैं और कह रहे है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका फायदा होगा।

