एक ही फ्लैट का तीन बार सौदा, 30 लाख से अधिक बयाना लेने का आरोप; मोहाली के जीरकपुर थाने में FIR
जीरकपुर में एक व्यक्ति पर एक ही फ्लैट को तीन अलग-अलग लोगों को बेचकर 30 लाख रुपये से अधिक का बयाना लेने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपित जतिंदर सिंह के ...और पढ़ें

फ्लैट को अलग-अलग लोगों को बेचने के आरोप में केस दर्ज।
HighLights
आरोपित ने दावा किया था कि फ्लैट पर कोई कानूनी विवाद नहीं।
62 लाख रुपये में फ्लैट खरीदने का समझौता किया गया था।
फ्लैट का कब्जा मिला और न ही बयाना राशि वापस।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। पीरमुछल्ला स्थित विक्टोरिया हाइट्स सोसाइटी में एक ही फ्लैट को अलग-अलग लोगों को बेचने के आरोप में जीरकपुर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच में पता चला है कि आरोपित ने एक ही फ्लैट का कम से कम तीन अलग-अलग सौदों में 30 लाख रुपये से अधिक की एडवांस राशि प्राप्त की।
शिकायतकर्ता रजनी सत्संगी ने बताया कि अक्टूबर 2024 में उन्होंने फ्लैट को 62 लाख रुपये में खरीदने का समझौता किया था और आरोपित जतिंदर सिंह को 14 लाख रुपये बतौर बयाना दिए। आरोपित ने दावा किया था कि फ्लैट किसी कानूनी विवाद से मुक्त है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित ने पहले भी इसी फ्लैट का सौदा दो अन्य लोगों के साथ किया था। पुलिस रिकार्ड के अनुसार, फरवरी 2023 में कामिनी गुप्ता से 5.50 लाख रुपये और जून 2023 में नीरज बंसल से 11.30 लाख रुपये बयाना लिया गया था, लेकिन इन सौदों का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया।
नीरज बंसल की शिकायत पर पहले ही जीरकपुर थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, फिर भी आरोपित ने पूर्व विवादों की जानकारी छिपाते हुए अक्टूबर 2024 में तीसरी बार सौदा कर लिया। रजनी सत्संगी का आरोप है कि न तो उन्हें फ्लैट का कब्जा मिला और न ही बयाना राशि वापस की गई।
खबरें और भी
एएसपी जीरकपुर की रिपोर्ट में आरोपित पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। एसएसपी मोहाली की मंजूरी के बाद जीरकपुर थाना पुलिस ने आरोपित जतिंदर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच जारी रखी है।
बड़ा सवाल यह है कि एक ही फ्लैट को लेकर पहले से विवाद और एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपित ने तीसरी बार सौदा कैसे किया? क्या खरीदारों से पूर्व विवाद की जानकारी छिपाई गई? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच में सामने आएंगे।