हरियाणा के पलवल में तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से पंजाब के ट्रक चालक की मौत; संगरूर का साथी घायल
हरियाणा के पलवल में सड़क हादसे में फतेहगढ़ साहिब निवासी ट्रक चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े ट्राला को टक्कर मार दी। संगरूर न ...और पढ़ें

पंजाब के ट्रक चालक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम।
HighLights
पलवल में सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत।
तेज रफ्तार कंटेनर ने खड़े ट्राले को टक्कर मारी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। हरियाणा के पलवल जिले में हुए एक सड़क हादसे में पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के रहने वाले ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा कुंडली मानेसर पलवल मार्ग पर गांव कटेसरा के पास हुआ। मृतक चालक के साथ ट्रक में मौजूद संगरूर निवासी परिचालक ने पुलिस को शिकायत देकर घटना की जानकारी दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संगरूर जिले के रहने वाले कौर सिंह ने बताया कि वह ट्रक ट्राला पर परिचालक के रूप में काम करता है, जबकि फतेहगढ़ साहिब जिले का रहने वाला बीरबल चालक के तौर पर कार्यरत था। दोनों एक ही वाहन पर लंबे समय से काम कर रहे थे।
कौर सिंह ने बताया कि दोनों हैदराबाद से सामान लादकर गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान जब उनका ट्रक ट्राला कुंडली मानेसर पलवल मार्ग पर गांव कटेसरा के पास पहुंचा तो चालक बीरबल ने वाहन को सड़क के किनारे रोक दिया। इसके बाद वह नीचे उतरकर ट्रक के टायर की हवा और वाहन की सामान्य जांच करने लगा।
यह भी पढ़ें- पश्चिमी एशिया में तनाव का असर पंजाब तक; रसोई गैस सप्लाई प्रभावित, इंतजार बढ़ा, ऐसे करें एजेंसियों से संपर्क...
कंटेनर ने मारी ट्राले को टक्कर
इसी दौरान पीछे से एक कंटेनर तेज रफ्तार में आया और सड़क किनारे खड़े ट्राला से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के पास खड़ा चालक बीरबल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और सहायता दल को सूचना दी।
खबरें और भी
घायल बीरबल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से उसके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें- मालिक को दिया झांसा, पुलिस ने पकड़ा झूठ; पंजाब के मोगा में 1.90 लाख की फर्जी लूट का ड्रामा करने वाला ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस ने जांच की शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की गति पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों को भी जानकारी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।