फतेहगढ़ साहिब में SDM दफ्तर ने नहीं करवाया प्री-पेड मीटर रीचार्ज, कटा बिजली कनेक्शन; जनरेटर का लिया सहारा
फतेहगढ़ साहिब के बस्सी पठाणा में बिजली बिल जमा न होने पर एसडीएम दफ्तर, सुविधा केंद्र और अन्य सरकारी कार्यालयों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। शुक्रवार को ...और पढ़ें

बस्सी पठाना के सुविधा केंद्र में जनरेटर के सहारे काम करते हुए कर्मचारी।
HighLights
बस्सी पठाना में सरकारी दफ्तरों के बिजली कनेक्शन कटे।
एसडीएम दफ्तर, सुविधा केंद्र ने बिल नहीं चुकाए थे।
जनरेटर से काम चला, लोगों को हुई असुविधा।
संवाद सूत्र, बस्सी पठाणा। फतेहगढ साहिब के बस्सी पठाना में बिजली बिल जमा न होने के कारण एसडीएम दफ्तर, सुविधा केंद्र और कई अन्य सरकारी कार्यालयों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। पंजाब राज्य बिजली निगम की इस कार्रवाई के बाद शुक्रवार को सरकारी कामकाज प्रभावित रहा। हालांकि लोगों को अधिक परेशानी से बचाने के लिए जनरेटर के सहारे काम जारी रखा गया।
जानकारी के अनुसार एसडीएम दफ्तर, सुविधा केंद्र, मार्केट कमेटी और कुछ अन्य विभागों ने लंबे समय से अपने प्रीपेड मीटर रिचार्ज नहीं करवाए थे। इसके चलते बिजली विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कार्यालयों की बिजली सप्लाई बंद कर दी।
बिजली विभाग के उपमंडल अधिकारी गुरुतेज सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 से सरकारी दफ्तरों में प्रीपेड मीटर लगाए गए हैं। इन मीटरों को समय-समय पर रिचार्ज करवाना अनिवार्य होता है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को कई बार नोटिस और रिमाइंडर भी भेजे गए थे, लेकिन इसके बावजूद बकाया जमा नहीं करवाया गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब में फर्जी बिलिंग का बड़ा खेल बेनकाब, 15 करोड़ से ज्यादा कर घोटाले में लुधियाना का कारोबारी गिरफ्तार
बिल भरेंगे तो ही शुरू होगी सप्लाई
उन्होंने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई। विभाग ने साफ किया है कि जब तक बकाया राशि जमा नहीं करवाई जाती, तब तक दोबारा बिजली सप्लाई बहाल नहीं की जाएगी।
खबरें और भी
उधर हाल ही में कार्यभार संभालने वाली एसडीएम दीपजोत कौर ने कहा कि उन्होंने दो दिन पहले ही पद संभाला है। उन्होंने बताया कि स्टाफ से जानकारी लेने पर पता चला कि किसी भी प्रकार का नोटिस या रिमाइंडर उनके संज्ञान में नहीं लाया गया था।
यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल राज्यसभा सांसद की याचिका पर हाई कोर्ट सख्त, पूछा- एफआईआर है तो छिपा क्यों रही सरकार?
लोगों को हुई असुविधा
एसडीएम दीपजोत कौर ने कहा कि बिजली कटने से सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ है और लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि मामले को उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाया जाएगा ताकि जल्द समाधान निकाला जा सके।
बिजली कटने के बावजूद सुविधा केंद्र और अन्य कार्यालयों में जनरेटर चलाकर काम जारी रखा गया। इससे लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन कर्मचारियों को सीमित संसाधनों के बीच काम करना पड़ा। सुविधा केंद्र में रोज बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। बिजली न होने से कई कार्य प्रभावित हुए और कुछ लोगों को इंतजार भी करना पड़ा।