मुक्तसर साहिब में स्कैन मशीन दिलाने के नाम पर डाक्टर से 15 लाख की ठगी, एडवांस लेने के बाद आरोपी हुआ गायब
श्री मुक्तसर साहिब के एक निजी अस्पताल के डाक्टर से स्कैन मशीन देने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने जम्मू-कश्मीर निवासी आरोपी के खिलाफ धो ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
मुक्तसर साहिब के डॉक्टर से 15 लाख की ठगी।
स्कैन मशीन दिलाने के बहाने लिया गया एडवांस।
जम्मू-कश्मीर के विजय कुमार सेठी पर केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने के नाम पर श्री मुक्तसर साहिब के एक निजी अस्पताल के डाक्टर से 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना सिटी पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के जिला सांबा निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में डाक्टर नीरज गर्ग ने बताया कि उनका दिल्ली अस्पताल और नर्सिंग होम जलालाबाद रोड, श्री मुक्तसर साहिब में स्थित है। वह शल्य चिकित्सा शाखा के विशेषज्ञ डाक्टर हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार अगस्त 2025 में उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को गौत्रा नाम की फर्म से जुड़ा बताया।
फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उनकी फर्म विदेशों से स्कैन मशीनें मंगवाती है, जो कुछ समय इस्तेमाल होने के बाद बिक्री के लिए उपलब्ध करवाई जाती हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता ने उसे मिलने के लिए बुलाया ताकि मशीन के बारे में विस्तार से बातचीत की जा सके।
यह भी पढ़ें- फाजिल्का में पांच साल तक शारीरिक शोषण करने के बाद शादी से मुकरा प्रेमी, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू किया जांच
मशीन के लिए 75 लाख में हुआ सौदा तय
डाक्टर नीरज गर्ग के अनुसार बाद में व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया गया और आरोपी विजय कुमार सेठी पुत्र बाबू लाल वर्मा निवासी हरसाब, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर उनसे मिलने श्री मुक्तसर साहिब पहुंचा। बातचीत के दौरान आरोपी ने स्कैन मशीन की कीमत 85 लाख रुपये बताई। बाद में सौदा 75 लाख रुपये में तय हो गया।
खबरें और भी
शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने आरोपी को पहले पांच लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में चेक द्वारा दिए। आठ अक्टूबर को यह राशि पंजाब नेशनल बैंक में गौत्रा हेल्थकेयर इंडिया नामक खाते में जमा करवा ली गई। इसके बाद आरोपी ने मशीन जल्द उपलब्ध करवाने का भरोसा देते हुए और पैसे मांगे।
यह भी पढ़ें- कपूरथला में नशा तस्कर के कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, पंचायत जमीन पर बना अवैध मकान गिराया
एडवांस में 5 के बाद 10 लाख और लिए
डाक्टर ने बताया कि उन्होंने बाद में 10 लाख रुपये और दे दिए, लेकिन इसके बावजूद मशीन उपलब्ध नहीं करवाई गई। जब उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की तो वह लगातार टालमटोल करने लगा। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सिटी पुलिस ने आरोपी विजय कुमार सेठी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया है या नहीं। अधिकारियों के अनुसार बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में शामिल किए गए हैं।