कपूरथला में नशा तस्कर के कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, पंचायत जमीन पर बना अवैध मकान गिराया
कपूरथला के गांव तोती में प्रशासन ने नशा तस्कर परविंदर सिंह उर्फ पिंदा के अवैध निर्माण को गिरा दिया। आरोपी पर मादक पदार्थ कानून के सात मामले दर्ज हैं औ ...और पढ़ें

अवैध जमीन पर बना मकान गिराते हुए बुल्डोजर।
HighLights
नशा तस्कर परविंदर सिंह का अवैध मकान ध्वस्त किया।
पंचायत भूमि पर कब्जा कर बनाया गया था निर्माण।
"नशों के खिलाफ जंग" अभियान के तहत सख्त कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “नशों के खिलाफ जंग” अभियान के तहत शुक्रवार को कपूरथला जिले के गांव तोती में बड़ी कार्रवाई की गई। सिविल और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने पंचायत भूमि पर बने एक कथित अवैध निर्माण को मशीन चलाकर गिरा दिया। यह कार्रवाई गांव के रहने वाले परविंदर सिंह उर्फ पिंदा के खिलाफ की गई, जो फिलहाल जेल में बंद है।
मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने बताया कि आरोपी द्वारा पंचायत की जमीन पर कब्जा कर मकान बनाया गया था। प्रशासन की ओर से पहले कई बार नोटिस जारी कर कब्जा हटाने को कहा गया, लेकिन कब्जा खाली नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई विकास खंड एवं पंचायत अधिकारी सुल्तानपुर लोधी गुरमीत सिंह के आदेशों के बाद की गई। प्रशासन का कहना है कि आरोपी परविंदर सिंह उर्फ पिंदा असामाजिक गतिविधियों और नशा तस्करी से जुड़े मामलों में शामिल रहा है।
यह भी पढ़ें- आप सांसद चब्बेवाल को ‘अमित शाह’ बनकर आया फोन, कहा- दिल्ली आकर मिलो; रवनीत बिट्टू ने बताया पॉलीटिकल ड्रामा
कपूरथला जेल में बंद है आरोपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग पुलिस थानों में मादक पदार्थ कानून के तहत सात मामले दर्ज हैं। फिलहाल वह कपूरथला की आधुनिक जेल में बंद है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ सरकार की नीति पूरी तरह सख्त है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
खबरें और भी
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। मशीन की मदद से अवैध निर्माण को गिराकर पंचायत भूमि को कब्जा मुक्त करवाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि नशा तस्करी में शामिल लोगों और उनके अवैध नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जाए। इसी के तहत जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- ईडी कार्रवाई पर अमन अरोड़ा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- अगर गलत निकला तो राजनीति छोड़ दूंगा
प्रशासन जारी रखेगा ऐसी कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांवों में नशे के खिलाफ हो रही ऐसी कार्रवाई से प्रशासन का सख्त संदेश जा रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि इससे युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में मदद मिलेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता नशा कारोबार में पाई गई तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस को दें ताकि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।