Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आप सांसद चब्बेवाल को ‘अमित शाह’ बनकर आया फोन, कहा- दिल्ली आकर मिलो; रवनीत बिट्‌टू ने बताया पॉलीटिकल ड्रामा

    By Ramanjeet SinghEdited By: Anuj Sharma
    Updated: Fri, 08 May 2026 02:55 PM (IST)

    होशियारपुर से आप सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को अमित शाह के नाम से फोन कर दिल्ली बुलाने की बात कही गई। सांसद ने पुलिस में शिकायत दी है। जबकि रवनीत बिट ...और पढ़ें

    HighLights

    1. आप सांसद चब्बेवाल को अमित शाह के नाम पर संदिग्ध कॉल।

    2. कॉल करने वाले ने दिल्ली आकर मिलने को कहा।

    3. सांसद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी।

    रमनजीत सिंह, चंडीगढ़। होशियारपुर से आम आदमी पार्टी के सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को एक संदिग्ध फोन कॉल आने के बाद पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। सांसद ने आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम पर उन्हें फोन कर भ्रमित करने की कोशिश की। मामले को लेकर सांसद ने पुलिस में शिकायत देने की बात कही है।

    डॉ. चब्बेवाल ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब दस बजे उन्हें एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पहले उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और फिर दिल्ली आकर मिलने के लिए कहा। सांसद के अनुसार कॉल करने वाले की आवाज काफी हद तक अमित शाह जैसी लग रही थी, जिससे वह खुद भी कुछ समय के लिए हैरान रह गए।

    सांसद ने कहा कि शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर केंद्रीय गृहमंत्री की ओर से इस तरह फोन क्यों किया जाएगा। बाद में उन्हें मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देने का फैसला किया।

    यह भी पढ़ें- ईडी कार्रवाई पर अमन अरोड़ा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- अगर गलत निकला तो राजनीति छोड़ दूंगा

    पुलिस को दी पूरी जानकारी

    डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि वह पुलिस को फोन नंबर और पूरी जानकारी उपलब्ध करवा दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉल किसने और किस उद्देश्य से की। उन्होंने कहा कि यह किसी का मजाक भी हो सकता है, लेकिन इसके पीछे कोई और मंशा है या नहीं, यह जांच का विषय है।

    यह मामला इसलिए भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है क्योंकि हाल ही में पंजाब से आम आदमी पार्टी के कई राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में लगातार यह चर्चा चल रही है कि भाजपा अन्य नेताओं और सांसदों से भी संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- शुक्राना यात्रा का आखिरी दिन, बठिंडा पहुंचे सीएम मान; भाजपा पर हमला, भाईचारा बिगाड़ने का लगाया आरोप

    बिट्‌टू का आरोप- झूठी कहानियों का लिया जा रहा सहारा

    रेल राज्य मंत्री एवं भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमित शाह जी का डर है या पॉलिटिकल ड्रामा? अब आप वाले झूठी कहानियों का सहारा ले रहे हैं। आप की लीडरशिप अपना दिमागी संतुलन खो चुकी है।

    देश के गृह मंत्री अमित शाह जी के नाम का इस्तेमाल करके झूठी शिकायतें दर्ज करवाना सिर्फ़ सस्ती शोहरत पाने का एक घटिया तरीका है। सच तो यह है कि अब आपके झूठ बिकना बंद हो गए हैं, इसीलिए ऐसे ड्रामे रचे जा रहे हैं। जनता सब जानती है।

    कांग्रेस छोड़ थामा था आप का हाथ

    गौरतलब है कि डॉ. राजकुमार चब्बेवाल मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी नेताओं में माने जाते हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने होशियारपुर सीट से जीत दर्ज की थी। इससे पहले वे चब्बेवाल से कांग्रेस के विधायक थे और वहां से इस्तीफा देकर आप जॉइन की। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ते हुए उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराया था।

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच की तैयारी में जुटी है। सांसद का कहना है कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह केवल मजाक था या इसके पीछे कोई राजनीतिक या अन्य उद्देश्य छिपा हुआ था।

    यह भी पढ़ें- लुधियाना में महिला से चेन स्नैचिंग, दातर दिखाकर बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम; CCTV में कैद हुई घटना