चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमन अरोड़ा ने कहा कि छापेमारी और पैसों से भरे बैगों की खबरें सामने आने के बाद वह खुद भी हैरान थे। लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा आश्चर्य उस समय हुआ जब शाम को प्रवर्तन निदेशालय की दूसरी विज्ञप्ति में उनका नाम शामिल कर दिया गया।
अमन अरोड़ा ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि पहली विज्ञप्ति में उनका नाम कहीं नहीं था, लेकिन बाद में जारी दूसरी विज्ञप्ति में अचानक उनका और गौरव धीर का नाम जोड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें- शुक्राना यात्रा का आखिरी दिन, बठिंडा पहुंचे सीएम मान; भाजपा पर हमला, भाईचारा बिगाड़ने का लगाया आरोप
22 सालों से है गौरव से पहचान
उन्होंने कहा कि मामले में जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें से कई नाम उन्होंने पहली बार सुने हैं। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि गौरव धीर उनके पुराने मित्र हैं। अमन अरोड़ा ने कहा कि उनकी और गौरव धीर की दोस्ती आज की नहीं बल्कि पिछले 22 वर्षों से है।
उन्होंने कहा कि केवल दोस्ती के आधार पर किसी को गलत साबित नहीं किया जा सकता। अमन अरोड़ा ने कहा कि यह समझ से बाहर है कि यदि कोई व्यक्ति उनका मित्र है तो उसे लेकर उनका नाम विवाद में क्यों जोड़ा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बेअदबी कानून को हाई कोर्ट में नई चुनौती, जनहित याचिका में धर्मनिरपेक्षता और संवैधानिक वैधता पर उठे सवाल
राजनीतिक रूप से बदनाम करने का हुआ प्रयास
अमन अरोड़ा ने कहा कि दोपहर तक पूरे मामले को लेकर अलग चर्चा चल रही थी, लेकिन शाम होते-होते अचानक उनका नाम सामने लाकर उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश शुरू कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि यह सब एक साजिश के तहत किया गया है।
उन्होंने कहा कि जहां भी जांच एजेंसियां बुलाएंगी, वह पूरी तरह सहयोग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी भी जांच में उनके खिलाफ कुछ गलत साबित होता है तो वह राजनीति छोड़ने के लिए भी तैयार हैं।
राजनीतिक हलकों में अमन अरोड़ा के इस बयान के बाद चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष लगातार ईडी कार्रवाई को लेकर सरकार और उससे जुड़े नेताओं पर सवाल उठा रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रही है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में महिला से चेन स्नैचिंग, दातर दिखाकर बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम; CCTV में कैद हुई घटना