Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिमरनजीत मान और सुच्चा छोटेपुर की बंद कमरे में हुई बैठक, क्या दोनों होंगे एक? पंजाब की पंथक सियासत में हलचल

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 07:27 PM (IST)

    सिमरनजीत सिंह मान और सुच्चा सिंह छोटेपुर की फतेहगढ़ साहिब में हुई बैठक ने पंजाब की पंथक सियासत में हलचल मचा दी है। इस मुलाकात को अकाली धड़ों के बीच सं ...और पढ़ें

    HighLights

    1. मान और छोटेपुर की फतेहगढ़ साहिब में हुई बंद कमरे की बैठक।

    2. पंजाब के मौजूदा हालात और पंथक चिंताओं पर हुई गहन चर्चा।

    3. बिखरे अकाली धड़ों में एकता की संभावना पर सियासी कयास तेज।

    नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब की बिखरी पंथक सियासत में मंगलवार को एक मुलाकात ने सियासी चर्चाओं को तेज कर दिया है। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रधान सिमरनजीत सिंह मान के फतेहगढ़ साहिब स्थित निवास पर शिअद (पुनर सुरजीत) के कोर कमेटी मेंबर और पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह छोटेपुर पहुंचे। दोनों के बीच बंद कमरे में लंबी बैठक हुई, जिसे दोनों ने पंजाब के मौजूदा हालात और पंथक चिंताओं से जोड़ा।

    बैठक के बाद संयुक्त बयान में मान ने कहा कि पंजाब और पंथ में जो एकता की आवाज उठ रही है, उसी के तहत छोटेपुर उनके निवास पहुंचे हैं। वहीं छोटेपुर ने मान के लंबे संघर्ष और कुर्बानियों का हवाला देते हुए कहा कि आज समय की मुख्य जरूरत एकता है। हर सिख और गुरुनानक नाम लेवा की यही ख्वाहिश है कि पंजाब और कौम की बिखरी हालत सुधारने के लिए सभी को एक मंच पर आना चाहिए।

    अस्तित्व बचाने के लिए सहारे की जरूरत

    इस मुलाकात के राजनैतिक मायने गहरे हैं। एक तरफ शिअद (अमृतसर) संगरूर जीत के बाद भी संगठनात्मक विस्तार के लिए सहयोगी तलाश रहा है, तो दूसरी तरफ शिअद पुनर सुरजीत लगातार बिखराव का सामना कर रहा है। उसके कई नेता किनारा कर चुके हैं। ऐसे में अस्तित्व बचाए रखने के लिए उसे भी सहारे की जरूरत है।

    छोटेपुर जैसे अनुभवी नेता का मान के घर आना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। दोनों ने भविष्य में भी विचार-विमर्श जारी रखने की बात कही है, जिससे कयास लग रहे हैं कि क्या आने वाले दिनों में पंथक एकता के नाम पर दो अकाली धड़े एक मंच पर आएंगे? हालांकि, मान की कट्टर पंथक छवि और छोटेपुर की नरम अकाली राजनीति में तालमेल कितना बैठेगा, यह बड़ी चुनौती होगी।

    खबरें और भी