विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आप कार्यकर्ताओं ने घेरा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जाखड़ का घर, केंद्र सरकार और ईडी पर लगाए गंभीर राजनीतिक आरोप

Published: Sun, 10 May 2026 02:27 PM (IST)

अबोहर में आम आदमी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की कोठी के बाहर धरना दिया। ...और पढ़ें

सुनील जाखड़ के घर के बाहर धरने पर बैठे आप कार्यकर्ता।

सुनील जाखड़ के घर के बाहर धरने पर बैठे आप कार्यकर्ता।

HighLights

  1. आप ने अबोहर में सुनील जाखड़ के घर के बाहर प्रदर्शन किया।

  2. केंद्र सरकार और ईडी पर विपक्षी दलों को दबाने का आरोप।

  3. आप नेताओं ने कहा, पंजाब के लोग दबाव में नहीं झुकेंगे।

जागरण संवाददाता, अबोहर। अबोहर में रविवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ की सुभाष नगर स्थित कोठी के बाहर जिला स्तरीय धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा प्रवर्तन निदेशालय के दुरुपयोग के आरोप लगाए।

धरने में जिला प्रधान उपकार सिंह जाखड़, फाजिल्का के विधायक नरेंद्र पाल सवना, जलालाबाद के विधायक अमनदीप गोल्डी कंबोज, हल्का इंचार्ज अरुण नारंग सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है और आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पंजाब के बठिंडा में नशा तस्कर के घर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला, एएसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल

Abohar pr

सुनील जाखड़ के घर के बाहर मौजूद आप कार्यकर्ता।

भाजपा पर लगाए ईडी के दुरुपयोग के आरोप

विधायक नरेंद्र पाल सवना ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर आम आदमी पार्टी के नेताओं को डराने और दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन एजेंसियों के जरिए छापेमारी और कार्रवाई कर पंजाब का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इन दबावों से डरने वाली नहीं है और पंजाब के लोग भाजपा की धक्केशाही के आगे झुकने वाले नहीं हैं।

नरेंद्र पाल सवना ने विधायक संदीप जाखड़ पर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि वह भाजपा में हैं या कांग्रेस में। वहीं जिला प्रधान उपकार सिंह जाखड़ ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को पहले भी झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की गई, लेकिन अदालतों ने समय-समय पर सच्चाई सामने रखी है।

यह भी पढ़ें- मंत्री अरोड़ा की गिरफ्तारी पर लुधियाना में हंगामा, प्रदर्शन में भिड़े आप-BJP कार्यकर्ता; पुलिस ने किया बीच-बचाव

भाजपा पर दबाव की राजनीति करने के लगाए आरोप

हल्का इंचार्ज अरुण नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी लोकतंत्र और जनता की आवाज उठाने का काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव बनाकर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

विधायक अमनदीप गोल्डी कंबोज ने कहा कि सुनील जाखड़ पहले भाजपा की नीतियों की आलोचना करते थे, लेकिन अब केंद्र सरकार के समर्थन में बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को पंजाब के लोगों के हितों की आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचानी चाहिए और राज्य के रुके हुए फंड जारी करवाने चाहिए।

आप नेताओं ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को पहले किसान आंदोलन के दौरान पंजाब और किसानों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था और आखिरकार कृषि कानून वापस लेने पड़े थे। नेताओं ने कहा कि पंजाब के लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना जानते हैं और आने वाले समय में जनता भाजपा को जवाब देगी।

यह भी पढ़ें- सरहद पार से चल रही थी बड़ी साजिश, गरीब नाबालिगों को मोहरा बना रहे पाकिस्तानी तस्कर; नशे और हथियारों की तस्करी में झोंका

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।