पंजाब के फिरोजपुर में हादसा, ओवरलोड ट्राले से गिरे गार्डरों ने ली मां-बेटे की जान; सावन देने बेटी के घर जा रहे थे दोनों
फिरोजपुर के मल्लांवाला में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की जान चली गई। ओवरलोड ट्राले से गिरे भारी गार्डरों ने साइकिल सवार मां-बेटे को ...और पढ़ें
-1785850503725_m.webp)
हादसे के बाद पुल पर बिलखते परिजन। फोटो जागरण
HighLights
मां-बेटे की दर्दनाक मौत ओवरलोड ट्राले से गिरे गार्डरों से।
फिरोजपुर के मल्लांवाला में हुआ यह भीषण सड़क हादसा।
पुलिस ने चालक की तलाश शुरू की, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मल्लांवाला (फिरोजपुर)। पंजाब के फिरोजपुर जिले के मल्लांवाला क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। हादसा गांव वरपाल के पास उस समय हुआ, जब पुल निर्माण में इस्तेमाल होने वाले लोहे के भारी गार्डर एक ओवरलोड ट्राले से फिसलकर साइकिल सवार मां-बेटे पर गिर पड़े। दोनों सावन देने के लिए बेटी के घर जा रहे थे।
मृतकों की पहचान गांव वरपाल निवासी परमजीत कौर (65) और उनके बेटे कुलवंत सिंह (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों राजस्थान फीडर और सरहिंद फीडर नहर के पुल के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहा गार्डरों से लदा ट्रॉला मोड़ काटते समय असंतुलित हो गया। ट्रॉले पर क्षमता से अधिक गार्डर लदे होने और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा के साथ न बांधने के कारण भारी गार्डर अचानक खिसककर सीधे मां-बेटे पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि परमजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कुलवंत सिंह ने भी कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर थाना मखू के एसएचओ जतींदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जीरा भेज दिया है। ट्राले को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
खबरें और भी
यह हादसा एक बार फिर ओवरलोड वाहनों और बिना सुरक्षा इंतजाम के भारी सामान ढोने की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गार्डरों को सुरक्षा मानकों के अनुसार मजबूती से बांधा गया होता और ट्रॉला ओवरलोड न होता, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।