Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फिरोजपुर में सफाई कर्मचारियों के समर्थन में पंजाब बंद का व्यापक असर, बाजार और स्कूल रहे पूरी तरह बंद

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 12:32 PM (GMT+05:30)

    फिरोजपुर में सफाई कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में हुए पंजाब बंद का व्यापक असर देखा गया, जिसमें बाजार और निजी स्कूल बंद रहे। ...और पढ़ें

    पंजाब बंद का फिरोजपुर में व्यापक असर (फोटो: जागरण)

    पंजाब बंद का फिरोजपुर में व्यापक असर (फोटो: जागरण)

    जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। सफाई कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में गुरुवार को दिए गए पंजाब बंद का फिरोजपुर में व्यापक असर देखने को मिला। शहर के मुख्य बाजारों सहित अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

    निजी स्कूलों और कई निजी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित रहा, जबकि सरकारी स्कूल सामान्य रूप से खुले रहे। बंद के कारण सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा यातायात भी कम दिखाई दिया।

    शहर के मुख्य बाजार, सदर बाजार, रेलवे रोड सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में सुबह से ही दुकानों के शटर बंद रहे। बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

    रावण सी. अंबेडकर मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीप दशानन ने कहा कि बरनाला में पंजाब पुलिस अधिकारियों द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ की गई मारपीट की वह कड़ी निंदा करते हैं।

    उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी पिछले करीब 20 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने सरकार से कच्चे सफाई कर्मचारियों को नियमित करने और उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

    उधर, डीएसपी सुखविंदर सिंह ने बताया कि बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया और लगातार गश्त की गई।

    उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखीं। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी प्रबंध किए गए हैं। फिलहाल जिले में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है।