Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फिरोजपुर के ममोद में नामांकन के दौरान आप-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, चली गोलियां; फायरिंग में दो घायल

    Updated: Thu, 25 Jun 2026 02:14 PM (GMT+05:30)

    ममदोट में नामांकन के दौरान आप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जो फायरिंग तक पहुंच गई। घटना में दो युवक घायल हुए हैं और उन्हें फरीदकोट रेफर ...और पढ़ें

    फायरिंग के बीच घायल युवक।

    फायरिंग के बीच घायल युवक।

    HighLights

    1. ममदोट में आप-कांग्रेस समर्थकों के बीच हिंसक झड़प।

    2. गोलीबारी में दो युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल रेफर।

    3. पुलिस ने स्थिति संभाली, इलाके में अतिरिक्त बल तैनात।

    संवाद सहयोगी, ममदोट (फिरोजपुर)। फिरोजपुर में नगर पंचायत चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के दौरान वीरवार को ममदोट कस्बे में उस समय माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया जब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के समर्थकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर धक्का-मुक्की, पथराव और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नामांकन स्थल के आसपास दोनों दलों के समर्थकों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। कुछ ही देर में यह बहस बढ़ती गई और भीड़ में मौजूद लोग आमने-सामने आ गए। स्थिति पर नियंत्रण करने की कोशिशें विफल रहीं और माहौल पूरी तरह अफरा-तफरी में बदल गया।

    इसी दौरान फायरिंग की घटना भी सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। इस घटना में दो युवकों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें तुरंत नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।

    यह भी पढ़ें- गुरदासपुर में आधी रात अचानक भरभराकर गिरी मकान की छत, 90 वर्षीय मां को बाहर निकालकर बेटे ने बचाई जान

    mamod firing

    झगड़े के दौरान फायरिंग करते हुए युवक।

    कांग्रेस ने बाधा डालने के लगाए आरोप

    कांग्रेस नेता आशु बांगड़ ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के समर्थकों द्वारा नामांकन प्रक्रिया में बाधा डाली जा रही थी और विपक्षी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका जा रहा था। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला बताते हुए प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया।

    खबरें और भी

    दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र को घेर लिया और भीड़ को तितर-बितर किया।

    यह भी पढ़ें- क्या बदलने वाला है पंजाब कांग्रेस का चेहरा? रंधावा-चन्नी को दिल्ली बुलाने से वड़िंग की कुर्सी पर सस्पेंस गहराया

    इलाके में पुलिस बल तैनात

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया था, लेकिन अचानक हुई झड़प ने स्थिति को बिगाड़ दिया। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की और अप्रिय घटना न हो।

    पुलिस ने फायरिंग की घटना, झड़प के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

    इस घटना के बाद ममदोट कस्बे में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, हालांकि प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई है।

    यह भी पढ़ें- विदेशी आकाओं के इशारे पर चल रहा था नेटवर्क, अमृतसर में अफगान नागरिक समेत 7 अरेस्ट; बरामद हुए अत्याधुनिक हथियार