Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लंदन में फिरोजपुर के युवक की मौत, पांच साल बाद लौटना था, लेकिन आई मौत की खबर

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 06:24 PM (IST)

    बेहतर भविष्य के लिए विदेश गए फिरोजपुर के युवक की लंदन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 23 दिन बाद भी पार्थिव शरीर भारत नहीं पहुंचा है। परिवार न ...और पढ़ें

    मृतक युवक की फाइल फोटो।

    मृतक युवक की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. फिरोजपुर के सहजीत सिंह की लंदन में संदिग्ध मौत।

    2. 23 दिन बाद भी पार्थिव शरीर भारत नहीं पहुंचा।

    3. परिवार ने सरकार से जल्द मदद की गुहार लगाई।

    संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। बेहतर भविष्य और परिवार के सपनों को पूरा करने के लिए फिरोजपुर से विदेश गए गांव सुबहा कदीम के 26 वर्षीय सहजीत सिंह की लंदन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सबसे पीड़ादायक बात यह है कि मौत के 23 दिन बीत जाने के बावजूद भी सहजीत का पार्थिव शरीर भारत नहीं पहुंच सका है।

    परिवार लगातार केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और संबंधित अधिकारियों से बेटे का पार्थिव शरीर जल्द गांव लाने की गुहार लगा रहा है। स्वजनों के अनुसार सहजीत सिंह 17 जून 2021 को स्टडी वीजा पर लंदन गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह वहीं वर्क परमिट पर रहकर एक माल में सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था।

    परिवार ने बताया कि विदेश में करीब पांच वर्ष बिताने के बाद वह इसी महीने अपने गांव लौटने वाला था। उसके घर आने की खुशी में परिवार ने तैयारियां भी शुरू कर दी थीं और सभी बेसब्री से उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे।

    यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह! राजा वड़िंग पर पूर्व विधायिका करण बराड़ का हमला, इस्तीफा मांगा

    मौत का कारण स्पष्ट नहीं

    परिवार के मुताबिक, मौत से दो दिन पहले सहजीत की वीडियो काल पर घरवालों से लंबी बातचीत हुई थी। उस दौरान वह पूरी तरह स्वस्थ, सामान्य और खुश दिखाई दे रहा था। किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही समय बाद ऐसी दुखद खबर मिलेगी।

    खबरें और भी

    स्वजनों ने बताया कि बाद में सहजीत के एक मित्र ने कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया। जब फोन उठाया गया तो दूसरी ओर एक पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने बताया कि सहजीत एक पार्क में बेहोशी की हालत में मिला था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उसकी मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक रूप से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

    आवश्यक औपचारिकताएं की जा रही पूरी

    सहजीत के पिता वीर सिंह ने बताया कि बेटे की मौत को 23 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक उसका पार्थिव शरीर भारत नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार संबंधित विभागों के संपर्क में है, लेकिन आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने में देरी हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और भारतीय दूतावास से हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द बेटे का पार्थिव शरीर गांव पहुंचाने की अपील की है।

    यह भी पढ़ें- पंजाब में प्रिंसिपल बनने की राह 50 फीसदी अंक की शर्त से अटकी पदोन्नति, स्पीकर ने शिक्षा विभाग को लिखा पत्र

    परिवार को अब सरकार से उम्मीद

    परिवार का कहना है कि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ करना चाहते हैं। लेकिन पार्थिव शरीर के नहीं पहुंचने से पूरा परिवार असहाय महसूस कर रहा है। गांव सुबहा कदीम में भी इस घटना के बाद शोक की लहर है। ग्रामीण और रिश्तेदार लगातार परिवार को सांत्वना दे रहे हैं और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

    सहजीत के घर लौटने की खुशी का इंतजार कर रहा परिवार अब केवल इस उम्मीद में बैठा है कि जल्द से जल्द उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंचे, ताकि उसे अंतिम विदाई दी जा सके। पूरे गांव की निगाहें अब सरकार और संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

    यह भी पढ़ें- मावा धीयां सत्कार योजना की पहली किस्त के बाद सीएम मान की अपील, SIR फार्म भरें, वरना योजनाओं में आ सकती दिक्कत