जानकारी के अनुसार जीरा सदर थाना पुलिस को गांव सनेर निवासी 72 वर्षीय गंगा सिंह ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भांजा मनजिंदर सिंह पुत्र कुलविंदर सिंह निवासी पत्ती ताना, गांव दोधर गरबी, जिला मोगा का कुछ लोगों के साथ पैसों का लेन-देन था। शुरुआत में सभी के बीच सामान्य संबंध थे, लेकिन समय के साथ विवाद बढ़ता गया और युवक मानसिक तनाव में रहने लगा।
यह भी पढ़ें- ड्रोन से पाकिस्तान बॉर्डर पार पहुंच रहे थे हथियार, अमृतसर पुलिस ने पांच तस्कर दबोचे, आठ विदेशी पिस्तौल बरामद
पैसे लौटाने का डाला गया दबाव
स्वजनों का आरोप है कि आरोपित लगातार मनजिंदर सिंह पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहे थे। इसी कारण वह लंबे समय से परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी युवक काफी तनाव में था। आरोप है कि मानसिक दबाव और परेशानी से तंग आकर उसने पहले अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड की।
वीडियो में उसने अपनी परेशानी और तनाव का जिक्र किया। इसके बाद वह बंगाली वाला पुल के पास पहुंचा और नहर में छलांग लगा दी।
यह भी पढ़ें- ड्रोन से पाकिस्तान बॉर्डर पार पहुंच रहे थे हथियार, अमृतसर पुलिस ने पांच तस्कर दबोचे, आठ विदेशी पिस्तौल बरामद
पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक द्वारा बनाई गई वीडियो को कब्जे में लेकर उसकी तकनीकी जांच भी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और मोबाइल डाटा की जांच के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी झिरमल सिंह ने बताया कि अभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने इस मामले में सुखविंदर सिंह निवासी गांव कोट सुखिया जिला फरीदकोट, दविंदर सिंह निवासी गांव कोट सुखिया तथा हरिमंदर सिंह निवासी गांव दोधर गरबी जिला मोगा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है।