फतेहगढ़ चूड़ियां में दिनदहाड़े 20 तोला सोना और नकदी चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर
बटाला के फतेहगढ़ चूड़ियां में दिनदहाड़े एक घर से करीब 20 तोला सोना और नकदी चोरी हो गई। ...और पढ़ें
-1785311514507_m.webp)
फतेहगढ़ चूड़ियां में दिनदहाड़े एक घर से करीब 20 तोला सोना और नकदी चोरी (फोटो: जागरण)
HighLights
दिनदहाड़े घर से 20 तोला सोना और नकदी चोरी।
चोर ने वारदात से पहले घर में खाना-पीना किया।
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, बटाला। कस्बा फतेहगढ़ चूड़ियां के वार्ड नंबर-5 में दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर एक घर में घुसकर करीब 20 तोला सोना और नकदी चोरी कर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर में आराम से खाना-पीना भी किया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित मकान मालिक कुलदीप सिंह, उनकी पत्नी रणजीत कौर और बेटी हरप्रीत कौर ने बताया कि जब परिवार घर से बाहर गया हुआ था, तभी चोर घर में दाखिल हुआ। उसने अलमारी से करीब 20 तोला सोना और नकदी चोरी कर ली। घर लौटने पर सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही फतेहगढ़ चूड़ियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है।
थाना प्रभारी (एसएचओ) सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर रही है। संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।