हाई अलर्ट के बीच बटाला के हाईवे से आधी रात हथियारबंद बदमाशों ने कार लूटी, अमरनाथ यात्रा के चलते सतर्क एजेंसियां
बटाला के सीमावर्ती इलाके में पांच हथियारबंद बदमाशों ने देर रात एक कार लूट ली। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। अमरनाथ यात्रा के चल ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
बटाला में 5 हथियारबंद बदमाशों ने कार छीनी।
अमरनाथ यात्रा के बीच सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क।
पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही।
जागरण संवाददाता, बटाला। सीमावर्ती क्षेत्र बटाला में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक कार लूटे जाने की वारदात ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। विशेष बात यह है कि इस समय श्री अमरनाथ यात्रा चल रही है और सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर अलर्ट पर हैं। ऐसे में इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित अजय मसीह मंगलवार रात अपनी सिल्वर रंग की आल्टो कार से डेरा पठाना-ढलवां मार्ग से गुजर रहे थे। रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उनकी कार को बीच रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने हथियारों के बल पर चालक को डराया और कार छीनकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी कार लेकर बटाला की दिशा में भाग निकले।
यह भी पढ़ें- पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने माना- 25 साल पहले अपराध के वक्त नाबालिग था याची, अदालत ने कम की सजा
पुलिस ने जांच की शुरू
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोटली सूरत मल्ली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पूरे इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
सुरक्षा नाकों पर बढ़ाई गई सतर्कता
सूत्रों के अनुसार, सीमावर्ती इलाका होने के कारण इस घटना को सामान्य लूट की वारदात मानकर नहीं देखा जा रहा। सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर पहले से जारी सुरक्षा अलर्ट के बीच इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चुनौती खड़ी कर दी है। हालांकि अभी तक पुलिस किसी भी संभावित एंगल पर आधिकारिक रूप से टिप्पणी करने से बच रही है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- लुधियाना के राम लाल भसीन स्कूल में टला बड़ा हादसा, जनरेटर रूम में लगी आग से मची अफरा-तफरी
अज्ञात के खिलाफ माममला दर्ज
थाना कोटली सूरत मल्ली के प्रभारी उपनिरीक्षक हरजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पांच अज्ञात हथियारबंद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल वारदात के बाद पूरे इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं।