विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जोगा सिंह को दी गई अंतिम विदाई, गांव में मातम; पुलिस ने उल्टे हथियार कर दी आखिरी सलामी

Published: Wed, 27 May 2026 05:51 PM (GMT+05:30)

अमृतसर के मजीठा इलाके में गोलियां मारकर मारे गए एएसआई जोगा सिंह का उनके पैतृक गांव में पूरे सम्मान के ...और पढ़ें

एएसआई जोगा सिंह को नमन करते हुए स्थानीय लोग व अधिकारी।

एएसआई जोगा सिंह को नमन करते हुए स्थानीय लोग व अधिकारी।

HighLights

  1. एएसआई जोगा सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार।

  2. मजीठा में अज्ञात हमलावरों ने की थी हत्या।

  3. परिवार को पंजाब सरकार से मिलेगी आर्थिक सहायता।

संवाद सहयोगी, किला लाल सिंह (गुरदासपुर)। अमृतसर के मजीठा इलाके में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों द्वारा गोलियां मारकर मारे गए एएसआई जोगा सिंह का बुधवार को पैतृक गांव घनीए के बांगर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। परिवार के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों, राजनीतिक नेताओं और बड़ी संख्या में गांववासियों ने नम आंखों से पुलिस अधिकारी को विदाई दी।

जानकारी के अनुसार एएसआई जोगा सिंह कुछ दिन पहले अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी मजीठा इलाके में अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी थीं। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई थी।

बुधवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस पार्टी द्वारा हथियार उल्टे कर उन्हें आखिरी सलामी दी गई। इस दौरान “जोगा सिंह अमर रहे” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। अंतिम संस्कार में आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज बलबीर सिंह पन्नू भी अपने साथियों सहित पहुंचे और शहीद एएसआई जोगा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ें- 220 किलो वजन, 5 फीट हाइट और ड्राई फ्रूट्स की डाइट... इंदौर में आकर्षण का केंद्र बना 'शाही बकरा'

पुलिस परिवार को उपलब्ध करवाएगी सुविधाएं

बलबीर सिंह पन्नू ने कहा कि जोगा सिंह के शहीद होने से परिवार को ऐसा नुकसान हुआ है जिसकी कभी भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि एएसआई जोगा सिंह बेहद ईमानदार, बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। उनकी ईमानदारी और सेवा भावना की हर तरफ चर्चा होती थी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार की ओर से शहीद पुलिस अधिकारी के परिवार को मिलने वाली सभी सुविधाएं जल्द उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही आर्थिक सहायता भी बिना किसी देरी के परिवार तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जोगा सिंह की कमी तो कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन उनका परिवार अकेला नहीं है। आम आदमी पार्टी और पूरा पुलिस प्रशासन परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।

यह भी पढ़ें- डीजल महंगा फिर भी नहीं बढ़ेगा बस किराया, पंजाब के प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने सरकार से मांगी टैक्स में राहत

जल्द पकड़े जाएंगे हत्यारे

पन्नू ने कहा कि जोगा सिंह के हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस बड़े स्तर पर कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त सजा दिलाई जाएगी।

इस मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, पुलिस अधिकारियों और इलाके के लोगों ने भी शहीद एएसआई जोगा सिंह को श्रद्धांजलि दी। गांव में हर तरफ गम का माहौल दिखाई दिया और लोग जोगा सिंह की बहादुरी और ईमानदारी को याद करते नजर आए।

यह भी पढ़ें- फिर याद आया मेरठ वाला केस, पंजाब में नीले ड्रम में मिली युवती की लाश; पुलिस जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।