गुरदासपुर में झगड़ा देखने निकला युवक बना निशाना, सिर पर मारी गोली; झगड़े के बाद पुलिस ने करवाया था समझौता
गुरदासपुर के गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई। स्वजनों ने पुलिस पर पहले से सूचना क ...और पढ़ें

घटना के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस व मृतक युवक की फाइल फोटो।
HighLights
गुरदासपुर के भंगवा गांव में पुरानी रंजिश में गोलीबारी।
26 वर्षीय विजय मसीह की सिर में गोली लगने से मौत।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल, सीसीटीवी फुटेज।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर जिले के गांव भंगवा में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। वीरवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई फायरिंग में 26 वर्षीय युवक विजय मसीह की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। इस बीच वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कुछ युवक हाथों में तेजधार हथियार लेकर गांव की गलियों में घूमते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद मृतक के स्वजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों के अनुसार, गांव में पिछले कुछ समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मृतक विजय मसीह के मामा बब्बा मसीह और माता मेवल ने बताया कि कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के युवकों के बीच झगड़ा हुआ था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन मूल विवाद समाप्त नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- मंडी गोबिंदगढ़ में ड़े ट्राले से भिड़ी कार, युवा कारोबारी की मौत; रात के समय लौट रहे थे घर
दूसरे पक्ष ने बुलाए बाहरी युवक
स्वजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते वीरवार रात दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने बाहरी युवकों को बुलाया और गांव में आकर हमला कर दिया। उनका कहना है कि हमलावरों ने गांव में पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान विजय मसीह केवल हालात देखने के लिए घर से बाहर निकला था, लेकिन वह हमलावरों की गोली का शिकार हो गया। उसके सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों का दावा है कि विजय की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं पुलिस के अनुसार, उसे तत्काल उपचार के लिए गुरदासपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और स्वजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- अबोहर में कॉलेज के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग, बाइक सवारों ने कार पर बरसाई गोलियां; पुलिस ने जांच की शुरू
पुलिस को पहले से भी माहौल की जानकारी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में तनाव की जानकारी पहले से पुलिस को दी गई थी। उनका कहना है कि संभावित झगड़े की आशंका को लेकर पुलिस को पहले ही सूचना दे दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का मानना है कि यदि पुलिस पहले से सतर्क रहती तो इस घटना को रोका जा सकता था।
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा बन गई है। फुटेज में कुछ युवक हथियारों के साथ गांव में घूमते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पहले हो चुका दोनों पक्षों में समझौता
मामले में पुलिस उपाधीक्षक शहबाज सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद पुरानी रंजिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि पुलिस ने इस सवाल पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि पहले से सूचना मिलने के बावजूद एहतियाती कार्रवाई क्यों नहीं की गई। यही वजह है कि घटना के बाद पुलिस की भूमिका भी चर्चा का विषय बनी हुई है।