अबोहर में कॉलेज के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग, बाइक सवारों ने कार पर बरसाई गोलियां; पुलिस ने जांच की शुरू
अबोहर के कॉलेज रोड पर बाइक सवार युवकों ने एक गाड़ी पर गोलियां चलाईं। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस को तीन खोखे मिले हैं। जिसके बाद जांच शुरू की गई ...और पढ़ें

कार पर लगे गोलियों के निशान।
HighLights
अबोहर में डीएवी कॉलेज के बाहर हुई फायरिंग।
बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने कार पर चलाई गोलियां।
कार सवार सुरक्षित, पुलिस ने जांच शुरू की, फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, अबोहर। अबोहर में शुक्रवार दोपहर कॉलेज रोड स्थित डीएवी कॉलेज के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक पर सवार कुछ अज्ञात युवकों ने एक गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में गाड़ी में सवार किसी व्यक्ति को गोली नहीं लगी और सभी सुरक्षित बच गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए। कुछ लोगों ने तुरंत अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए, जबकि कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। घटना के कारण कुछ समय के लिए पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक हरीश कुमार और नगर थाना नंबर-दो की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मौके से तीन खाली कारतूस भी मिले हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- पंजाब सरकार की नई पहल: अब AI लेगा ड्राइविंग टेस्ट, HAMS तकनीक से चुटकी में मिलेगा लाइसेंस

घटनास्थल पर मिले गोलियाें के खोल।
मौके से फरार हुए हमलावर
पुलिस उपाधीक्षक हरीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बहाववाला निवासी खुशदीप सिंह और परविंदर सिंह गाड़ी में सवार होकर डीएवी कॉलेज की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चला दीं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
खबरें और भी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और संभावित रंजिश सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में भीषण हादसा, कार की टक्कर से देवरानी-जेठानी की दर्दनाक मौत; घर के लिए पानी लेकर लौट रही थीं
पुलिस ने जांच की शुरू
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
दिनदहाड़े शैक्षणिक संस्थान के बाहर हुई इस फायरिंग की घटना ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।