गुरदासपुर में घर में घुसकर जीजा-साली पर दातर से हमला, ईंट-पत्थर बरसाए; तीन आरोपितों पर मामला दर्ज
गुरदासपुर के नानोवाल खुर्द गांव में कथित रूप से दातर और ईंट-पत्थरों से हमला कर जीजा और साली को घायल ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
गुरदासपुर के नानोवाल खुर्द में जीजा-साली पर हमला।
आपसी विवाद में दातर और ईंट-पत्थरों का प्रयोग।
तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर के गांव नानोवाल खुर्द में आपसी विवाद के चलते कथित तौर पर जीजा और साली पर दस्ती हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले ईंट-पत्थर फेंके और इसके बाद दातर से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। घायल अवस्था में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद थाना भैणी मियां खां की पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नानोवाल खुर्द निवासी नरिंदर सिंह ने बताया कि वह शाम के समय अपने घर के आंगन में खड़ा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर उनके घर की दीवार के ऊपर से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने दातर से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें- 9 पावरकॉम कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़े, हाथों में पेट्रोल की बोतलें; रेगुलर करने की मांग पर विभाग को घेरा
दो को घायल कर हमलावर हुए फरार
नरिंदर सिंह का आरोप है कि हमले के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी साली हरप्रीत कौर भी हमलावरों के निशाने पर आ गई और उसे भी दातर से घायल कर दिया गया। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भैणी मियां खां की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ चिकित्सकीय रिपोर्ट भी अपने कब्जे में ली है।
यह भी पढ़ें- जालंधर अदालत के बाहर अचानक टूटा सूखा पेड़, पार्किंग में खड़ी दो गाड़ियां चकनाचूर; बाल-बाल बचे लोग
हमलावरों की तलाश में पुलिस कर रही छापेमारी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने गांव नानोवाल खुर्द निवासी परमिंदर सिंह, जसविंदर कौर और अर्शप्रीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल जीजा और साली का उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।