Punjab Weather: दो दिन बाद फिर बदलेगा मौसम, गर्मी के नहीं दिखे तेवर; आठ साल का टूटा रिकॉर्ड
गुरदासपुर में इस साल मार्च का महीना असामान्य रूप से ठंडा रहा है। पिछले आठ वर्षों की तुलना में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे, 24 डिग्री सेल्सियस द ...और पढ़ें
-1774201420944_m.webp)
Punjab Weather: दो दिन बाद फिर बदलेगा मौसम। फोटो जागरण
HighLights
मार्च में गुरदासपुर का तापमान सामान्य से काफी कम रहा।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम सुहावना बना रहा।
यह मौसम गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद साबित हुआ।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। आमतौर पर मार्च माह अपने अंतिम सप्ताह में तपिश का अहसास कराने लगता है, लेकिन इस बार शहरवासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले आठ वर्षों के रिकार्ड की तुलना में इस साल अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है, जिससे मौसम पूरी तरह से सुहावना बना हुआ है।
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि अब तक गर्मी ने अपना पूरा प्रभाव नहीं दिखाया है। मौसम विभाग के अनुसार आमतौर पर मार्च के अंत तक पारा 30 से 31 डिग्री के बीच पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह आंकड़ा 24 डिग्री के आसपास ही सिमटा हुआ है।
रविवार सुबह शहर के बाहरी इलाकों में हल्की धुंध छाई रही। सुबह के समय वातावरण में नमी होने के कारण ठंडक का एहसास बना रहा। हालांकि सुबह करीब नौ बजे के बाद मौसम साफ हो गया और तेज धूप खिल आई। धूप निकलने के बाद भी तापमान में असाधारण वृद्धि नहीं हुई, जिससे दिन का समय भी आरामदायक बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण इस बार वर्षा और बादलों का दौर लंबे समय तक बना रहा, जिसका असर शहर के मौसम पर भी पड़ा। इसके चलते गर्म हवाओं का आगमन समय पर नहीं हो पाया और तापमान पर नियंत्रण बना रहा। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है।
खबरें और भी
विभाग के अनुसार बुधवार से एक बार फिर हल्के बादल छाने की संभावना है। इन बादलों के चलते दिन के तापमान में ज्यादा वृद्धि की संभावना नहीं है। विशेषज्ञों का मानना है कि अप्रैल के पहले सप्ताह तक मौसम इसी तरह सामान्य से कम तापमान पर बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय नहीं हैं।
इस स्थिति में अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में कोई खास उछाल नहीं आएगा। बुधवार के बाद हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी, जिससे दिन का तापमान 30 डिग्री के करीब तो जा सकता है, लेकिन लू चलने या भीषण गर्मी पड़ने की संभावना अभी नहीं है। सामान्य से कम तापमान का लोगों ने खूब आनंद ले रहे हैं। सुबह और शाम के समय पार्कों में लोगों की भीड़ दिख रही है।
पिछले सालों में मार्च आते-आते एसी चलने लगते थे। इस बार अभी तक पंखे की भी जरूरत नहीं पड़ी है। सुबह की सैर का मजा ही कुछ और है। व्यापारियों के लिए हालांकि यह बदलाव मिश्रित रहा। गर्मी के कपड़ों और कूलरों की बिक्री में इस बार उम्मीद के मुताबिक तेजी नहीं आई है, वहीं ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भी अभी तक उतनी भीड़ नहीं जुट पाई है।
मौसम का यह मिजाज किसानों के लिए भी फायदेमंद साबित हो रहा है। फसलों को मार्च के अंत में होने वाली असमय गर्मी से नुकसान होने की आशंका रहती है, लेकिन इस बार तापमान सामान्य बने रहने से गेहूं को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल लोगों के लिए यह राहत भरा मौसम आने वाले कुछ दिनों तक बना रहेगा, जिसके बाद अप्रैल के दूसरे सप्ताह से तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने के आसार हैं।