Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार, ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत; होशियारपुर-टांडा रोड पर बड़ा हादसा

    Updated: Thu, 05 Feb 2026 06:00 PM (IST)

    होशियारपुर-टांडा रोड पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। आलोवाल गांव के पास एक खड़ी ...और पढ़ें

    सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार। फोटो जागरण

    सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई कार। फोटो जागरण

    HighLights

    1. होशियारपुर-टांडा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।

    2. खड़ी ट्रक से कार टकराने से दो की मौत।

    3. ममेरे-फुफेरे भाई अजय और ओम प्रकाश मारे गए।

    जागरण संवाददाता, होशियारपुर। बुधवार रात करीब पौने नौ बजे होशियारपुर-टांडा रोड पर गांव आलोवाल के पास सड़क किनारे ट्रक के बीच पीछे से एक कार जा घुसी। हादसे में ममेरे-फुफेरे दो भाइयों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।

    जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर के गांव मुदकी का रहने वाला अजय कुमार (32) गांव पंडोरी बाबा दास में रहती अपनी बुआ शांति से मिलने के आ रहा था। घर पहुंचने से पहले ही अजय और उसकी बुआ का लड़का ओम प्रकाश (40) हादसे का शिकार हो गए।

    अजय फिरोजपुर से बस में सवार होकर होशियारपुर पहुंचा था। साढ़े आठ बजे के करीब होशियारपुर-टांडा रोड पर गांव आलोवाल के पास अजय बस से उतर गया। जहां उसे लेने के लिए कार में सवार होकर उसकी बुआ का लड़का ओम प्रकाश अपने भाइयों राज कुमार व रवि कुमार और दोस्त दिलदार सिंह के साथ पहुंचा। ओम प्रकाश खुद कार चला रहा था और अजय को उसने अगली सीट पर बिठा लिया।

    पिछली सीट पर राज, रवि और दिलदार बैठ गए। सभी कुछ ही दूर चले थे कि गांव के पेट्रोल पंप के बिल्कुल सामने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे जा टकराए। अंधेरा होने की वजह से सड़क किनारे खड़ा ट्रक ओम प्रकाश को दिखाई नहीं दिया और कार ट्रक के पीछे जा घुसा। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से चकनाचूर हो गया।

    खबरें और भी

    हादसे में अगली सीट पर बैठे अजय और कार चला रहे ओम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिछली सीट पर बैठे राज, रवि और दिलदार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सिविल अस्पताल होशियारपुर में दाखिल कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

    मौत कर रही थी रास्ते में इंतजार

    अजय अपनी बुआ से मिलने के लिए फिरोजपुर से होशियारपुर पहुंचा था। अजय के घर आने को लेकर बुआ का लड़का ओम प्रकाश, रवि और राज काफी खुश थे। इसलिए तीनों भाई अजय को घर ले जाने के लिए कार लेकर पहुंचे थे। घर पहुंचकर रात में एक साथ भोजन करना था, मगर होनी को कुछ और ही मंजूर था।

    रास्ते में दर्दनाक हादसे में ओम प्रकाश और अजय हमेशा की नींद सो गए। इस हादसे से एक नहीं, बल्कि दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अजय की दो मासूम बेटियां हैं। ओम प्रकाश के तीन बच्चे हैं। पांचों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ चुका है। दोनों परिवारों के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।