विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होशियारपुर तहसील में विजिलेंस की अचानक दबिश से मचा हड़कंप, कुर्सियां छोड़कर भागे अधिकारी और कर्मचारी

Published: Fri, 06 Nov 2026 04:32 PM (IST)

तहसील कार्यालय में विजिलेंस टीम की अचानक दबिश से कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। डर के कारण दिनभर कामकाज और रजिस्ट्री ठप रही।

होशियारपुर तहसील का दृश्य।

होशियारपुर तहसील का दृश्य।

HighLights

  1. विजिलेंस टीम ने होशियारपुर तहसील कार्यालय में अचानक दबिश दी।

  2. दबिश से कर्मचारी अपनी कुर्सियां छोड़कर इधर-उधर हो गए।

  3. विजिलेंस कार्रवाई का कारण और उद्देश्य अभी अज्ञात है।

हजारी लाल, होशियारपुर। होशियारपुर तहसील कार्यालय में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विजिलेंस की टीम ने अचानक दबिश दे दी। टीम के परिसर में दाखिल होते ही कर्मचारियों में खलबली मच गई। पटवारी और कानूनगो ही नहीं, बल्कि बड़े अधिकारी भी अपनी कुर्सियां छोड़कर इधर-उधर होते दिखाई दिए।

कुछ ही देर में पूरे तहसील परिसर में विजिलेंस की दबिश की चर्चा फैल गई। अचानक हुई इस कार्रवाई ने सरकारी कार्यालयों में कामकाज के तरीके और कर्मचारियों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए।

जानकारी के मुताबिक विजिलेंस की टीम करीब आधा घंटा तहसील परिसर में मौजूद रही। इस दौरान टीम की गतिविधियों को लेकर कर्मचारियों में असमंजस बना रहा। हालांकि टीम किस शिकायत या मामले की जांच के लिए पहुंची थी, इसका पता नहीं चल पाया। टीम के रवाना होने के बाद भी कार्यालय में सामान्य माहौल नहीं लौट सका। कर्मचारियों के बीच कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

यह भी पढ़ें- राजपुरा में अमृतसर से बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग, चार बोगियां जलीं; शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा

विजिलेंस के जाने के बाद भी काम प्रभावित

हैरानी की बात यह रही कि विजिलेंस टीम के जाने के बाद भी कई कर्मचारी अपनी कुर्सियों पर वापस नहीं लौटे। बताया जा रहा है कि विजिलेंस की कार्रवाई के डर से कर्मचारी दिनभर कार्यालय में अपनी सीटों से दूर रहे। इसका सीधा असर तहसील में अपने जरूरी काम करवाने पहुंचे लोगों पर पड़ा। शुक्रवार को रजिस्ट्री का काम भी नहीं हो सका और अन्य सरकारी कामकाज भी प्रभावित रहा। लोगों को बिना काम करवाए लौटना पड़ा।

यह भी पढ़ें- लुधियाना बाईपास पर होजरी कारोबारी ने की आत्महत्या, कनपटी पर मारी गोली, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

विजिलेंस की रेड का कारण स्पष्ट नहीं

विजिलेंस की अचानक दस्तक के पीछे आखिर क्या वजह थी, यह सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। क्या टीम किसी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ने के लिए पहुंची थी या फिर किसी शिकायत के आधार पर रिकॉर्ड और कामकाज की जांच करना इसका मकसद था? क्या किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ पहले से शिकायत दर्ज थी? इन सवालों पर विभागीय स्तर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

तहसील का कोई भी अधिकारी इस कार्रवाई के संबंध में खुलकर कुछ बताने को तैयार नहीं है। न ही विजिलेंस की ओर से दबिश के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है। करीब आधे घंटे की कार्रवाई के बाद टीम का लौट जाना और उसके बाद दिनभर तहसील का कामकाज प्रभावित रहना कई सवाल छोड़ गया है। अब देखना होगा कि विजिलेंस की यह दबिश किसी बड़ी कार्रवाई की शुरुआत साबित होती है या मामला जांच तक ही सीमित रहता है।

यह भी पढ़ें- बरनाला के सखी वन स्टॉप सेंटर से गायब हुई 16 वर्षीय नाबालिग, सुरक्षा कर्मी पर कार्रवाई, DSP को सौंपी गई जांच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।