जालंधर के अंबेडकर चौक पर दर्दनाक हादसा, ट्रक के नीचे आने से साइकिल सवार की मौत; चालक गिरफ्तार
जालंधर के अंबेडकर चौक पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार रतन सिंह की मौके पर मौत हो गई। ट्रैफिक पुलिस ने चालक को तुरंत पकड़ लिया। पुलिस ...और पढ़ें

ट्रक के नीचे आने से मौके पर हुई मौत।
HighLights
जालंधर के अंबेडकर चौक पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत।
पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के अंबेडकर चौक पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर के बाद व्यक्ति सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और बाद में उसे संबंधित थाना पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान बस्ती दानिशमंदा निवासी रतन सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रतन सिंह सोमवार सुबह साइकिल पर सवार होकर नकोदर चौक की ओर से अंबेडकर चौक की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और इससे पहले कि वह संभल पाते, ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- लॉरेंस बिश्नोई को अमेरिका ले जाएगी FBI! लपेटे में आ सकते हैं पंजाब पुलिस के फरार इंस्पेक्टर
थाना डिवीजन 4 ने जांच की शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। कुछ ही देर में थाना डिवीजन नंबर चार की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया।
खबरें और भी
जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक हीरा लाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही साक्ष्य जुटाए गए हैं। मृतक के स्वजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- 20 हजार रुपये में हत्या, वीजा का लालच व इंटरनेट मीडिया से भर्ती; FBI रिपोर्ट में गैंगस्टरों का खौफनाक खेल उजागर
पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला किया दर्ज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रैफिक पुलिस ने चालक को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया था, जिससे वह मौके से फरार नहीं हो सका। बाद में चालक को थाना डिवीजन नंबर चार की पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। स्वजनों के बयान दर्ज होने के बाद चालक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। साथ ही आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।