Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जालंधर में युवक की संदिग्ध मौत, आरोपी और उसकी पत्नी गिरफ्तार

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 05:16 PM (IST)

    जालंधर में 28 वर्षीय सोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपित और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। मृतक की मां ने हत्या की आ ...और पढ़ें

    जालंधर में युवक की संदिग्ध मौत। फोटो जागरण

    जालंधर में युवक की संदिग्ध मौत। फोटो जागरण

    HighLights

    1. जालंधर में 28 वर्षीय युवक सोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।

    2. पुलिस ने मामले में एक आरोपित और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया।

    3. मृतक की मां ने हत्या की आशंका जताई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

    जागरण संवाददाता, जालंधर। थाना नंबर 5 के अधीन आते चौहान कालोनी में 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मामले की जांच के दौरान एक आरोपित और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

    जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू के रूप में हुई थी, जो विवाहित था और उसका एक बच्चा भी है। स्वजनों सोनू सोमवार को काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस ने परिजनों को फोन कर चौहान कालोनी की गली नंबर 5 में पहुंचने के लिए कहा, जहां सोनू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।

    मौके पर पहुंची मृतक की मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गई थीं। उन्होंने शुरुआत से ही बेटे की हत्या की आशंका जताई थी। मृतक की मां का आरोप था कि तेजमोहन नगर की गली नंबर 6 में रहने वाले बिट्टे नामक व्यक्ति का उनके बेटे के साथ पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

    उन्होंने बताया था कि आरोपित ने पूर्व में दो से तीन बार सोनू के साथ मारपीट की थी और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। इसी आधार पर उन्होंने बेटे की हत्या का आरोप लगाया था और प्रशासन से इंसाफ की मांग की थी।

    खबरें और भी

    इस मामले में एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि थाना डिवीजन नंबर 5 के अधीन बस्ती शेख स्थित तेजमोहन नगर क्षेत्र में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मृतक के स्वजनों के बयानों के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 5 में मामला दर्ज किया गया।

    जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद एक आरोपित और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल गिरफ्तार आरोपितों की विस्तृत पहचान और हत्या के कारणों का खुलासा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।

    पुलिस ने बताया कि मृतक सोनू का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।