Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जालंधर पुलिस की बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर डोनी बल्ल का गुर्गा सुखजिंदर बिट्टू अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 07:59 AM (IST)

    जालंधर पुलिस ने गैंगस्टर डोनी बल्ल के सहयोगी सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

    जेल में दोस्त बने डोनी बल्ल के लिए कारोबारियों से मांगता था रंगदारी (फोटो: जागरण)

    जेल में दोस्त बने डोनी बल्ल के लिए कारोबारियों से मांगता था रंगदारी (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. गैंगस्टर डोनी बल्ल का सहयोगी बिट्टू अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार।

    2. जग्गू भगवानपुरिया गैंग के गुर्गों को मारने की थी तैयारी।

    3. कारोबारियों से रंगदारी मांगने और गैंगवार की साजिश का खुलासा।

    जागरण संवाददाता, जालंधर। देहात पुलिस ने विदेश में बैठे गैंग्सटर डोनी बल्ल के नेटवर्क को चलाने वाले मुख्य सहयोगी सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 30 बोर का पिस्तौल, तीन मैगजीन, नौ कारतूस और एक 12 बोर की पंप एक्शन गन बरामद की है।

    यह हथियार आरोपित गैंग्सटर जग्गू भगवानपुरिया के गुर्गों को मारने के लिए लेकर आया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुखजिंदर उर्फ बिट्टू की डोनी बल्ल से पहचान वर्ष 2017 में अमृतसर की जेल में हुई थी, जिसके बाद वह उसके नेटवर्क का सक्रिय सदस्य बन गया।

    वह डोनी बल्ल के लिए कारोबारियों से रंगदारी मांगता था। जो हथियार उससे मिले हैं, वह जालंधर में गैंगवार के लिए लाए गए थे। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से गैंगवार और अन्य घटनाओं को रोका गया है।

    एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने क्या बताया 

    एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि सीआइए स्टाफ के प्रभारी पुष्प बाली को सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने महितपुर मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। इस दौरान सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू स्विफ्ट कार में आ रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली।

    खबरें और भी

    एसएसपी ने बताया कि बिट्टू के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। बिट्टू के साथ बिल्ला मंडियाला, गोरा बरियाड़ और गोपी कौड़ा जैसे अपराधी भी जुड़े हुए थे। इस गैंग की लंबे समय से जग्गू भगवानपुरिया गैंग के साथ दुश्मनी चल रही थी, जिसके चलते दोनों गुटों के बीच कई बार खूनी संघर्ष और गैंगवार की घटनाएं हो चुकी हैं।

    पुलिस का दावा है कि आरोपित से बरामद कुछ हथियार विदेश में बैठे गैंग्सटर डोनी बल्ल के नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराए गए थे। वहीं पिस्तौल मध्य प्रदेश से लाई गई थी, जो डोनी बल्ल के गुर्गे ही लेकर आए थे।

    मार्च में पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार

    सीआइए स्टाफ के प्रभारी पुष्प बाली ने बताया कि 12 मार्च 2026 को महितपुर पुलिस ने एक स्कार्पियो और स्विफ्ट कार से विदेशी ग्लाक पिस्तौल बरामद की थी। उस दौरान सुखजिंदर उर्फ बिट्टू पुलिस कार्रवाई के बीच मोटरसाइकिल छीनकर मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

    पुलिस ने सुखजिंदर उर्फ बिट्टू को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उनसे पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से मंगवाए गए। इन हथियारों का इस्तेमाल किन वारदात में हुआ। आगे किन घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी थी। पंजाब और हिमाचल में इनके ठिकाने कौन-कौन से थे। पुलिस ने आरोपित की अवैध कमाई से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी है।

    आदमपुर से हथियार तस्कर भी गिरफ्तार

    सीआईए स्टाफ के प्रभारी पुष्प बाली ने बताया कि होशियारपुर के मोना कलां के रहने वाले मनीष उर्फ जस्सा को आदमपुर से गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से एक 32 बोर का पिस्तौल, मैगजीन और दो कारतूस बरामद किए गए।

    पुलिस जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अब तक कितने हथियारों की सप्लाई की और किन लोगों तक पहुंचाए। मनीष के खिलाफ पहले से एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।