NEET पेपर लीक पर जालंधर में सत्याग्रह, 12 घंटे भूख हड़ताल पर बैठे युवा नेता; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
नीट पेपर लीक और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में जालंधर में युवा नेता रवीश राज शर्मा 12 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे। उन्होंने ...और पढ़ें

जालंधर में भूख हड़ताल पर बैठे युवा।
HighLights
नीट पेपर लीक के विरोध में जालंधर में न्याय सत्याग्रह शुरू।
युवा नेता रवीश राज शर्मा ने 12 घंटे की भूख हड़ताल की।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, जालंधर। NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जालंधर में शुक्रवार को न्याय सत्याग्रह शुरू किया गया। युवा नेता रवीश राज शर्मा ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने पुडा परिसर में 12 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर देशभर के लोगों को एकजुट होना होगा। भूख हड़ताल के दौरान रवीश राज शर्मा ने कहा कि दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया।
उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार है। यदि विद्यार्थियों की मांगों का जवाब संवाद से देने के बजाय बल प्रयोग किया जाएगा तो इससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा।
यह भी पढ़ें- एक ट्रक के पलटने से थाम गई बठिंडा शहर की रफ्तार, पांच किलोमीटर जाम में फंसा शहर
राजनीतिक दलोंसे बनाई दूरी
उन्होंने कहा कि यह न्याय सत्याग्रह किसी राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि सामाजिक मंच से आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस आंदोलन का समर्थन करें और युवाओं की आवाज को मजबूत बनाने में सहयोग दें।
खबरें और भी
रवीश राज शर्मा ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि जब-जब युवाओं ने अपने अधिकारों और देश के भविष्य के लिए आवाज उठाई है, तब-तब सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि आज भी युवाओं को अपने भविष्य की रक्षा के लिए एकजुट होने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें- पंजाब बना देशभर में तस्करी नेटवर्क का रास्ता, बॉर्डर से शहरों तक नशे का जाल; संसद में रिपोर्ट में हुए खुलासे
दिल्ली में लाठीचार्ज का विरोध
उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से हटाया जाए। इसके अलावा दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई गई।
युवा नेता ने केंद्र और राज्य सरकार से आग्रह किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए, ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि युवाओं का विश्वास बनाए रखने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। न्याय सत्याग्रह के दौरान मौजूद लोगों ने भी विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।