जालंधर में पालतू और आवारा कुत्तों पर विवाद, लात-घूंसे चले; 60 से अधिक लोगों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया
पालतू और आवारा कुत्तों को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद उस समय हिंसक हो गया जब पंचायत से पहले दो पक्षों में मारपीट हो गई। 60 से अधिक लोगों ने पुलिस को ...और पढ़ें
HighLights
जालंधर की वडाला कॉलोनी में कुत्तों पर हुआ विवाद।
निवासियों और कुत्ता मालिकों के बीच हुई मारपीट।
60 से अधिक लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर शहर के लांबड़ा थाना के अंतर्गत आती वडाला रायल कालोनी में पालतू और आवारा कुत्तों को लेकर विवाद हो गया। कालोनी में रहने वाले लोगों और एक घर रखे गए कुत्तों मालिक के बीच लंबे समय से चल रहा तनाव उस समय बढ़ गया जब समस्या के समाधान के लिए बुलाई गई पंचायत से पहले ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर लात-घूंसे चले और कुछ लोगों के कपड़े तक फट गए। कालोनी निवासियों का आरोप था कि उक्त लोग अपने पालतू कुत्तों को बिना नियंत्रण के खुला छोड़ देते हैं। इसके कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार कुत्तों द्वारा हमला करने और डराने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व पर 541 श्रद्धालुओं को मिला वीजा, पाकिस्तान के लिए जत्था रवाना
आवारा कुत्तों को रोटी डालने पर विवाद
आरोप था कि यही नहीं उक्त लोग गली में घूमने वाले कुत्तों को भी दूसरों के घरों के बाहर दूध रोटी डालते हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। इसी समस्या के समाधान के लिए कालोनी में पंचायत बुलाई गई थी। निवासियों का आरोप था कि पंचायत शुरू होने से पहले ही कुछ कुत्ता मालिकों ने बाहरी युवकों को बुला लिया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर कालोनी के लोगों के साथ मारपीट की।
लोगों का कहना है कि विवाद के दौरान कुर्सियों सहित अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। महिलाओं ने भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया और घरों के बाहर जाकर हंगामा किया। घटना के बाद कालोनी के लोगों में रोष है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- भाखड़ा बांध में बढ़ा जलस्तर, BBMB ने पंजाब-हरियाणा को दी सिंचाई के लिए ज्यादा पानी उठाने की सलाह
मामला पुलिस के पास पहुंचा
मामले को लेकर कालोनी के 60 से अधिक निवासियों ने थाना लांबड़ा में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना लांबड़ा के प्रभारी बलबीर सिंह का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। दोनों तरफ से आरोप लगाए गए हैं। जांच के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।