Punjab Weather: गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी, आज वर्षा का यलो अलर्ट जारी
जालंधर में तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, जबकि मंगलवार को वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरदासपुर में भी हल्की वर्षा के बाद तापमान गिरा। ...और पढ़ें
-1782148447323_m.webp)
Punjab Weather: गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी। फोटो जागरण
HighLights
जालंधर में तेज धूप और उमस से लोग परेशान।
मंगलवार को वर्षा का येलो अलर्ट जारी, तापमान गिरेगा।
गुरदासपुर में शुक्रवार को हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना।
जागरण संवाददाता, जालंधर। सप्ताह के पहले ही दिन सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। इस वजह से गर्मी उमस और चिपचिपाहट से हर कोई परेशान रहा। हालांकि देर शाम कुछ राहत भरी हवा भी चली। इससे अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
मौसम विभाग की तरफ से मंगलवार को तेज हवा, थंडर शावर के साथ वर्षा होने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगर ये सही साबित होता है तो तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।
इससे पहले भी मौसम विभाग की तरफ से निरंतर तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था, मगर बीते दिन भी दिनभर उमस भरी गर्मी रही, फिर देर शाम सात बजे तेज धूल भरी आंधी और उसके बाद हल्की वर्षा ने गर्मी से राहत दिलाई थी।
शुक्रवार को फिर से वर्षा के आसार
गुरदासपुर में रविवार देर शाम को शहर व आसपास के इलाकों में हुई हल्की वर्षा ने गर्मी से बेहाल लोगों को कुछ राहत तो दी, लेकिन यह राहत अल्पकालिक साबित होती दिख रही है। वर्षा के चलते सोमवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि मंगलवार से फिर से पारा उछलना शुरू हो जाएगा और अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी।
खबरें और भी
राहत की बात यह है कि शुक्रवार को हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ था, वहीं रातभर हुई बूंदाबांदी के बाद सोमवार को पारा गिरकर 36 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है।
हालांकि तापमान में गिरावट आई, लेकिन हवा में नमी की मात्रा 34 फीसदी बनी रही, जिससे उमस भरी गर्मी का अहसास होता रहा। वहीं, पांच किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने थोड़ी सी ठंडक जरूर प्रदान की, लेकिन दिनभर खिली धूप ने लोगों को पसीने से तर-बतर कर दिया।सुबह-सुबह ठंडी हवा और बादलों की आवाजाही ने लोगों को उम्मीद दी कि दिन भर मौहाल सुहाना रहेगा, लेकिन सूरज निकलते ही गर्मी ने फिर से दस्तक दे दी।