यात्री ध्यान दें! पंजाब में 7 घंटे तक लेट हुईं ट्रेनें, सफर पर निकलने से पहले चेक करें नया रनिंग शेड्यूल
पंजाब में रेलवे निर्माण कार्यों के कारण कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को गर्मी में परेशानी हो रही है। रेलवे ने यात्रियों को यात ...और पढ़ें

जालंधर रेलवे स्टेशन पर एकत्रित भीड़।
HighLights
रेलवे निर्माण कार्यों से पंजाब में ट्रेनें लेट।
अमृतसर क्लोन स्पेशल 7 घंटे तक हुई लेट।
यात्री यात्रा से पहले ट्रेन स्टेटस जांचें।
जागरण संवाददाता, जालंधर। देश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों का असर अब रेल यात्रियों पर साफ दिखाई देने लगा है। रेलवे की ओर से लिए जा रहे ट्रैफिक ब्लॉक के कारण कई रेलगाड़ियां बदले हुए मार्ग से संचालित की जा रही हैं, जबकि अनेक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
बढ़ती गर्मी के बीच घंटों तक प्लेटफार्म पर बैठने की मजबूरी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्यों के कारण कई रेलगाड़ियों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। जिन रेलगाड़ियों को बदले हुए मार्ग से गंतव्य तक भेजा जा रहा है, उनकी वापसी भी उसी मार्ग से हो रही है। इससे यात्रा का समय बढ़ गया है और ट्रेनें लगातार विलंब से चल रही हैं।
यह भी पढ़ें- विदेशी तस्कर के इशारे पर चल रहा था हथियार नेटवर्क, अमृतसर पुलिस ने चार आरोपी दबोचे
अमृतसर क्लोन स्पेशल 7 घंटे हुई लेट
सबसे अधिक देरी अमृतसर क्लोन स्पेशल में दर्ज की गई, जो करीब सात घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची। इसके अलावा कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस भी लगभग पौने सात घंटे की देरी से चली। दोनों ट्रेनों के यात्रियों को लंबे समय तक स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्पेशल और पूजा एक्सप्रेस लगभग पांच घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं शालीमार एक्सप्रेस करीब पौने चार घंटे तथा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस लगभग सवा तीन घंटे विलंब से अपने निर्धारित स्टेशन पर पहुंची।
कई ट्रेनें आधा घंटा रहीं लेट
इसके अलावा जलियांवाला बाग एक्सप्रेस और देहरादून एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे देरी से चलीं। अमृतसर इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा एक घंटे देरी से पहुंची। उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, सरयू यमुना एक्सप्रेस और धौलाधार एक्सप्रेस भी लगभग एक घंटे की देरी से संचालित हुईं।
खबरें और भी
अमृतसर साप्ताहिक एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, जम्मू मेल, जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस और अमरनाथ एक्सप्रेस करीब 45 मिनट देरी से पहुंचीं। वहीं जनसेवा एक्सप्रेस और अंडमान एक्सप्रेस भी लगभग आधे घंटे की देरी से चलीं।
यह भी पढ़ें- नशा भेज युवाओं को कमजोर कर रहा पाकिसतान, पंजाब के राज्यपाल का बड़ा बयान; बोले-बड़े तस्करों को पकड़े पुलिस
यात्रियों हुए परेशान
ट्रेनों की लगातार देरी के कारण यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा, बस और अन्य परिवहन सेवाओं से जुड़ने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा और गर्मी के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत हुई।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद रेल परिचालन सामान्य हो जाएगा। तब तक यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
ऐसे करें ट्रेन रनिंग शेड्यूल चैक
- NTES पोर्टल: रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट (
enquiry.indianrail.gov.in) पर 'Spot Your Train' से लाइव स्टेटस देखें। - Where is my Train ऐप: बिना इंटरनेट (GPS से) ट्रेन की सटीक लोकेशन जानने का सबसे पॉपुलर ऐप है।
- आधिकारिक NTES ऐप: इसे प्ले स्टोर से डाउनलोड कर टाइम टेबल और देरी की जानकारी लें।
- व्हाट्सएप (+91-9881193322): इस नंबर पर ट्रेन नंबर भेजकर सीधे व्हाट्सएप पर लाइव अपडेट पाएं।
- 139 हेल्पलाइन: बिना इंटरनेट वाले फोन से 139 पर कॉल करके शेड्यूल का पता लगाएं।
- स्टेशन डिस्प्ले बोर्ड: रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार और प्लेटफॉर्म पर लगी स्क्रीन (NTES) से लाइव टाइमिंग देखें।
यह भी पढ़ें- आशीष नेगी के जून 1984 पर बयान से तनाव, सिख समाज भड़का; SGPC सदस्य ने उत्तराखंड सरकार से की कार्रवाई की मांग