यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Sangrur Bypoll से पहले आतंकी गुरुपतवंत पन्नू की सीएम भगवंत मान को धमकी, तुम्हारा हश्र बेअंत सिंह वाला होगा
शहर के प्राचीन मंदिर श्री महाकाली देवी के पिछले मुख्य गेट व दीवारों पर रविवार रात खालिस्तानी नारे लिखे मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसे ल ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, संगरूर। प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फार जस्टिस (एसएफजे) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को धमकी दी है कि खालिस्तान का विरोध करने पर उनका हश्र भी पूर्व मुख्यंत्री बेअंत सिंह जैसा होगा। संगरूर लोक सभा उपचुनाव को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शहर दौरे से पहले शहर के प्राचीन मंदिर श्री महाकाली देवी के पिछले मुख्य गेट व दीवारों पर रविवार रात खालिस्तानी नारे लिखे मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। महिला पुलिस स्टेशन से मात्र 50 मीटर की दूरी पर अज्ञात व्यक्तियों ने काली माता मंदिर के गेट पर खालिस्तानी नारे लिख दिए और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
एसएसपी संगरूर मनदीप सिंह सिद्धू का कहना है कि इस मामले की जांच पड़ताल की जा रही है आसपास के सीसीटीवी कैमरा की भी फुटेज चेक की जाएगी। घटना को जिस किसी ने भी अंजाम दिया, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मंदिर के गेट से सटी दीवार पर भी प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फार जस्टिस (एसएफजे) की ओर से लिखे गए नारों और आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई है। इसके बाद पुलिस को इस घटना का पता चला। मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन ने तुरंत ही मंदिर के गेट व दीवारों पर लिखे नारों पर पेंट करवा कर इसे मिटा दिया।

संगरूर में महाकाली मंदिर के गेट पर लिखे खालिस्तानी नारों को पुलिस ने मिटवा दिया है।
संगरूर में 23 जून को होना है उपचुनाव
उल्लेखनीय है कि संगरूर में लोकसभा उपचुनाव 23 जून को होने हैं, जिसके मद्देनजर पूरे हलके में भारी गिनती में पुलिस बल व अर्ध सुरक्षा बल की टुकड़ियां तैनात हैं। लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री के शहर में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के रोड शो से ठीक एक दिन पहले हुई यह घटना ने पुलिस प्रशासन के सुरक्षा प्रबंधों पर सवालिया निशान लगा दिया है। मंदिर श्री महाकाली देवी के पिछली तरफ महिला पुलिस थाने के रोड पर मौजूद एक गेट और दीवार पर रात में खालिस्तानी नारे लिखकर पुलिस को सीधी चुनौती दी गई है।
खबरें और भी
मंदिर कमेटी इस घटना को लेकर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन ने खालिस्तान संबंधी लिखे गए नारों पर पेंट करवा कर तुरंत उन्हें मिटवा दिया।
वीडियो में आतंकी पन्नू ने ये कहा
वायरल वीडियो में आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दावा किया कि खालिस्तानी नारे खालिस्तान समर्थकों ने लिखे हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार खालिस्तानी समर्थकों की हिमायत से ही बनी है। अगर केजरीवाल और भगवंत मान खालिस्तान के खिलाफ जाएंगे तो उनका हश्र भी बेअंत सिंह वाला ही होगा।