'आप के अधिकतर नेता दूसरी पार्टियों से, क्या वे भी गद्दार?', पंजाब के पूर्व BJP अध्यक्ष का AAP से सवाल
पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष श्वेत मलिक ने आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए पूछा कि क्या उनके अपने नेता, जो दूसरी पार्टियों से आए हैं, वे भी गद्दार ह ...और पढ़ें

पंजाब के पूर्व BJP अध्यक्ष श्वेत मलिक (जागरण)
HighLights
श्वेत मलिक ने AAP के 'गद्दार' लेबल पर सवाल उठाया
भगवंत मान सहित कई AAP नेता अन्य दलों से आए
AAP को 'कट्टर बेईमान' बताया, BJP में शामिल होने का आह्वान
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा के पूर्व सदस्य श्वेत मलिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अधिकतर नेता दूसरी पार्टियों से हैं। क्या वे भी गद्दार हैं।
सीएम भगवंत मान से लेकर आप के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा भी दूसरी पार्टी से आए हैं तो क्या इनके घरों की दीवारों पर भी गद्दार लिखवाया जाएगा। मंगलवार दोपहर को एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान श्वेत मलिक ने उक्त बातें कही। उनके साथ पंजाब भाजपा के महामंत्री राकेश राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष केडी भंडारी, जिला प्रधान सुशील शर्मा, जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की आदि मौजूद थे।
श्वेत मलिक ने किए सवाल
श्वेत मलिक ने कहा कि राज्यसभा के सदस्य अशोक मित्तल और हरभजन सिंह को गद्दार कहना निंदनीय और अपमानजनक है। हरभजन सिंह तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हीरो रहे हैं, जो देश के लिए वर्ल्ड कप जीतकर लाए।
आप के सभी सात राज्यसभा सदस्या बगैर किसी शर्त के अपनी स्वेच्छा से भाजपा में शामिल हुए हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, इससे पहले पूर्व सांसद धर्मवीर गांधी, वकील प्रशांत भूषण, पत्रकार आशुतोष, कवि कुमार विश्वास, गुरप्रीत घुग्गी, सुच्चा सिंह छोटेपुर सहित कई लीडर आप को छोड़ चुके हैं।
ऐसे में इनको गद्दार कहना सरासर गलत है। कारण लोकतंत्र में लोग स्वेच्छा से फैसला लेने के लिए स्वतंत्र हैं। इसलिए आम आदमी पार्टी को छोड़ भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा नेताओं को गद्दार कहना अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी खुद को कट्टर ईमानदार बताती है, उसी के नेता लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं।
खबरें और भी
'आप ईमानदार नहीं, बेईमान'
उन्होंने आरोप लगाया कि आप वाले कट्टर ईमानदार नहीं बल्कि कट्टर बेईमान है और यह आम आदमी की नहीं, बल्कि खास लोगों की पार्टी बन चुकी है। कई आप के विधायकों के भाजपा में शामिल होने की चर्चा के सवाल पर कहा कि अब पंजाब में आप की सरकार के गिनती के दिन बचे है। ऐसे में भाजपा ही एकमात्र विकल्प बचा है, जो भी लोग देश सेवा करना चाहते हैं। उनके लिए भाजपा के दरवाजे खुले हैं और सभी का स्वागत है।