जालंधर में आंधी का कहर, चलते मोटरसाइकिल पर गिरा पेड़; पिता और बेटी ने मौके पर तोड़ा दम
जालंधर छावनी के गांव भोडे सपराए में तेज आंधी के दौरान मोटरसाइकिल पर जा रहे पिता और 12 वर्षीय बेटी पर पेड़ गिर गया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना से ...और पढ़ें

पिता व बेटी ने मौके पर तोड़ा दम।
HighLights
तेज आंधी में पेड़ गिरने से हादसा
पिता और 12 वर्षीय बेटी की मौके पर मौत
जालंधर के भोडे सपराए गांव में हुई घटना
जागरण संवाददाता, जालंधर। रविवार सुबह मौसम का बदला मिजाज जालंधर में एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। तेज आंधी और तूफान के बीच जालंधर छावनी के गांव भोडे सपराए में मोटरसाइकिल पर जा रहे पिता और उनकी मासूम बेटी पर अचानक एक विशाल पेड़ गिर गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, गांव भोडे सपराए निवासी 40 वर्षीय कश्मीर उर्फ बिल्ला रविवार सुबह अपनी 12 वर्षीय बेटी सोनाली को मोटरसाइकिल पर लेकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया। तेज हवाओं के साथ आंधी और तूफान शुरू हो गया। रास्ते में एक विशाल और भारी-भरकम पेड़ तेज हवा का दबाव नहीं झेल सका और अचानक टूटकर सीधे उनकी मोटरसाइकिल पर आ गिरा।
यह भी पढ़ें- बटाला में रेलवे ट्रैक पर मिला शव, आधा किलोमीटर तक बिखरे अंग; हादसा या साजिश!
बेटी-पिता दोनों पेड़ के नीचे दबे
पेड़ गिरने का झटका इतना तेज था कि दोनों उसके नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने हादसा होते ही मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने पेड़ हटाने का प्रयास किया और दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- अकाली दल को बड़ा झटका, पूर्व विधायक दर्शन सिंह शिवालिक ने थामा वारिस पंजाब दे का दामन; अयाली ने साधा निशाना
परिवार में शौक की लहर
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही गांव भोडे सपराए पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। मृतकों के स्वजन बदहवास हो गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि कश्मीर उर्फ बिल्ला मेहनतकश और मिलनसार व्यक्ति थे। वह अपने परिवार की जिम्मेदारियां पूरी मेहनत से निभाते थे। वहीं उनकी बेटी सोनाली पढ़ाई में काफी होनहार थी और सभी की चहेती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार सुबह आई तेज आंधी ने कई स्थानों पर पेड़ों और बिजली के खंभों को भी नुकसान पहुंचाया। हालांकि सबसे दर्दनाक घटना गांव भोडे सपराए में हुई, जहां एक परिवार ने पलभर में अपने दो सदस्यों को खो दिया।