Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जालंधर में चौगिट्टी फ्लाईओवर से नीचे गिरा अनियंत्रित ट्रक, खराब खड़ी बस को बचाने के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 02:31 PM (IST)

    चौगिट्टी फ्लाईओवर से एक ट्रक नीचे गिर गया जब चालक ने सड़क पर खड़ी खराब बस से बचने की कोशिश की। ...और पढ़ें

    जालंधर में चौगिट्टी फ्लाईओवर से नीचे गिरा अनियंत्रित ट्रक (फोटो: जागरण)

    जालंधर में चौगिट्टी फ्लाईओवर से नीचे गिरा अनियंत्रित ट्रक (फोटो: जागरण)

    जागरण संवाददाता, जालंधर। चौगिट्टी चौक के नजदीक जेसी रिजार्ट के सामने गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब फ्लाईओवर पर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया।

    गनीमत रही कि हादसे में ट्रक चालक समेत किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ। हालांकि ट्रक के फ्लाईओवर से नीचे गिरने के बाद इलाके के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रक चालक जोगिंदर ने बताया कि वह फिल्लौर से बटाला की ओर सामान लेकर जा रहा था।

    जब वह जेसी रिजार्ट के पास फ्लाईओवर पर पहुंचा तो सामने एक खराब बस सड़क पर खड़ी मिली। अचानक सामने बस खड़ी होने के कारण उसने टक्कर से बचने के लिए ट्रक को दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रक फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा।

    हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और ट्रैफिक विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस जोन-1 के इंचार्ज राजकुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रक पलटने के कारण कुछ समय के लिए चौगिट्टी चौक और फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया था।

    जांच में सामने आया कि फ्लाईओवर पर खड़ी खराब बस के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने पहले खराब बस को सड़क के किनारे हटवाया, फिर ट्रक को सुरक्षित हटाने की कार्रवाई शुरू करवाई। इसके बाद ट्रैफिक को सामान्य कराया गया।

    खबरें और भी

    प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था, लेकिन ट्रक नीचे गिरने के बावजूद किसी अन्य वाहन या राहगीर की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और खराब वाहन को मुख्य मार्ग पर खड़ा करने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।