IIT रोपड़ के निदेशक को सेना प्रमुख ने चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित
आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहुजा को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने रक्षा प्रौद्योगिकी में योगदान के लिए सम्मानित किया। ...और पढ़ें
-1782571033457_m.webp)
सेना प्रमुख ने किया IIT रोपड़ के निदेशक को सम्मानित। फोटो जागरण
HighLights
प्रो. राजीव आहुजा को सेना प्रमुख ने किया सम्मानित।
रक्षा प्रौद्योगिकी और अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान।
आईआईटी रोपड़ राष्ट्रीय सुरक्षा नवाचारों में अग्रणी।
जागरण संवाददाता, रूपनगर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहुजा को रक्षा प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी (पीवीएसएम, एवीएसएम) ने चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। यह सम्मान सेना प्रमुख ने अपने कार्यालय में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान प्रदान किया।
यह सम्मान रक्षा अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आइआइटी रोपड़ की बढ़ती भूमिका और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े नवाचारों में संस्थान के योगदान की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो.राजीव आहूजा ने कहा कि वह इस सम्मान के लिए सेना प्रमुख के प्रति आभारी हैं। उन्होंने इसे आइआइटी रोपड़ की पूरी टीम को समर्पित करते हुए कहा कि संस्थान ने रक्षा अनुसंधान और नवाचार का मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित किया है, जो देश की सुरक्षा को सुदृढ़ करने और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है।
आईआईटी रोपड़ वर्तमान में आर्मी टेक्नोलाजी बोर्ड के सहयोग से कई रणनीतिक रक्षा परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इनमें रेज़िलिएंट हैबिटेट, ऑटोनोमस आर्म्ड व्हीकल्स और डायरेक्टेड एनर्जी वेपन्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों से जुड़े अनुसंधान शामिल हैं, जिन्हें भारतीय सेना की भविष्य की आवश्यकताओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संस्थान ने कहा कि उसके लिए रक्षा अनुसंधान और नवाचार केवल एक शैक्षणिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण मिशन है।