कपूरथला में CIA स्टाफ को मिली बड़ी सफलता, हेरोइन, 5.50 लाख की ड्रग मनी और पिस्टल समेत तीन गिरफ्तार
कपूरथला पुलिस के CIA स्टाफ ने नशे के खिलाफ अभियान में 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 ग्राम हेरोइन, 5.50 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद हुई।
-1788784681469_m.webp)
कपूरथला में CIA स्टाफ को मिली बड़ी सफलता।
HighLights
कपूरथला सीआईए स्टाफ ने तीन आरोपियों को पकड़ा
20 ग्राम हेरोइन और 5.50 लाख रुपये बरामद
एक देसी पिस्तौल भी आरोपियों से जब्त की गई
जागरण संवाददाता,कपूरथला। पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत कपूरथला पुलिस के सीआइए स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार इनके पास से 20 ग्राम हेरोइन, पांच लाख 50 हजार रुपये की ड्रग मनी और एक 32 बोर का देसी पिस्टल बरामद किया है।
एसपीडी हरिंदर सिंह गिल ने प्रेस कान्फ्रेंस कर बताया कि सीआइए स्टाफ के एएसआइ बलदेव सिंह पुलिस पार्टी के साथ अड्डा दीपेवाल एरिया में गश्त और चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान एक बिना नंबर की सफेद आई 20 कार को रोका गया। कार में दो युवक सवार थे। तलाशी लेने पर उनके पास से 20 ग्राम हेरोइन और 5,50,000 रुपये नकद बरामद हुए।
फिरोजपुर के रहने वाले हैं आरोपित
पकड़े गए आरोपितों की पहचान अकाशदीप सिंह और अजय कुमार के रूप में हुई है, दोनों निवासी मोहन के उताड़ थाना गुरुहरसहाय, जिला फिरोजपुर के रहने वाले हैं।
अकाशदीप कार चला रहा था। इस मामले में थाना सुल्तानपुर लोधी में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की कार भी पुलिस ने जब्त की है।
बरमाद हुई देसी पिस्तौल
वहीं इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में एएसआइ जसबीर सिंह ने मुखबिर की सूचना पर गांव तलवंडी महिमा से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 बोर का देसी पिस्टल बरामद किया।
इस संबंध में थाना सदर कपूरथला में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपितों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। इस मौके पर सीआइए इंचार्ज एसआइ रमन कुमार भी मौजूद थे।
