कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में मां ने दो मासूम बेटों संग काली बेईं में लगाई छलांग, बच्चों की मौत
सुल्तानपुर लोधी में एक महिला ने अपने दो मासूम बेटों के साथ काली बेईं में छलांग लगा दी। लोगों ने महिला को बचा लिया, लेकिन दोनों बच्चों की मौत हो गई। पु ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
मां ने दो बेटों संग काली बेईं में लगाई छलांग।
महिला को बचाया गया, दोनों बच्चों की मौत हुई।
पुलिस घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। पंजाब के कपूरथला के अंतर्गत आते सुल्तानपुर लोधी में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने दो मासूम बेटों के साथ काली बेईं में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों बच्चों को नहीं बचाया जा सका। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
मृत बच्चों की पहचान छह वर्षीय वीरप्रताप सिंह और दो वर्षीय गुरप्रताप सिंह के रूप में हुई है। वहीं महिला की पहचान सिमरत कौर के तौर पर हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिमरत कौर बुधवार को अपने दोनों बच्चों को स्कूल से लेकर काली बेईं के किनारे पहुंची थी। बताया जा रहा है कि उसने बच्चों के स्कूल बैग किनारे पर रखे और इसके बाद दोनों बेटों सहित बेईं में छलांग लगा दी। महिला के पानी में कूदते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- हर छह महीने में AI से स्कैन होंगे नेशनल हाईवे, सरकार ला रही नई तकनीक; तुरंत पकड़ में आएंगी सड़क की खराबियां
राहगीरों ने महिला को निकाला
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए महिला को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों मासूम बच्चों को नहीं बचाया जा सका। काफी प्रयासों के बाद बच्चों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
सिविल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आकाशदीप शर्मा ने बताया कि दोनों बच्चों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में रोज गार्डन के पास पुल पर दौड़ी बर्निंग कार, समय रहते सवारियों ने कूदकर बचाई जान
पुलिस कारणों को जानने में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में अभी तक इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में गहरा दुख और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग भी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं, जिनके चलते महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।