Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    SIR अभियान के बाद कपूरथला में कटे 78 हजार से ज्यादा नाम, 2520 वोटर पाए गए डुप्लीकेट

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 09:14 PM (GMT+05:30)

    कपूरथला जिले की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 13 अगस्त को जारी होगी, जिसमें कुल 5,36,303 मतदाता शामिल हैं। मतदाता 13 अगस्त से 12 सितंबर तक नाम जोड़ने, हटाने या स ...और पढ़ें

    कपूरथला में 13 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट।

    कपूरथला में 13 अगस्त को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट।

    HighLights

    1. कपूरथला की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 13 अगस्त को होगी जारी।

    2. जिले में कुल 5 लाख 36 हजार 303 मतदाता होंगे।

    3. दावे-आपत्तियां 13 अगस्त से 12 सितंबर तक दर्ज कराएं।

    जागरण संवाददाता, कपूरथला। चुनाव आयोग के निर्देश पर चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एसआईआर के बाद कपूरथला जिले की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 13 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से तैयार आंकड़ों के अनुसार इस बार जिले में कुल 5 लाख 36 हजार 303 मतदाता होंगे।

    जिला चुनाव अधिकारी सह डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल ने बताया कि 25 जून से तीन अगस्त तक चले एसआईआर अभियान के तहत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से घर-घर जाकर गणना फार्म एकत्र किए गए और उन्हें डिजिटाइज किया गया।

    ड्राफ्ट सूची के अनुसार भुलत्थ में 1,15,296, कपूरथला में 1,25,677, सुल्तानपुर लोधी में 1,33,250 और फगवाड़ा में 1,62,080 वोटर शामिल हैं। फगवाड़ा जिले का सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र बना हुआ है।

    दूसरे शहर या राज्य में शिफ्ट हो चुके हैं 39,336 लोग

    डीसी के अनुसार एसआईआर से पहले जिले में 6,14,981 पंजीकृत वोटर थे। सत्यापन के बाद 78,678 नामों के फार्म नहीं मिल सके। इनमें सबसे ज्यादा 39,336 लोग स्थायी रूप से दूसरे शहर या राज्य में शिफ्ट हो चुके हैं। इसके अलावा 21,746 मृतक, 14,753 लंबे समय से अनुपस्थित, 2,520 डुप्लीकेट प्रविष्टियां और 323 लोगों ने फार्म भरने से इनकार कर दिया। डीसी ने कहा कि डुप्लीकेट और मृतक वोटरों की पहचान से सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटि रहित बनाने में मदद मिलेगी।

    दावे-आपत्तियों का मौका

    डीसी ने बताया कि 13 अगस्त को ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद आम जनता 12 सितंबर तक नाम जोड़ने, हटाने या किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेगी। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण अवश्य जांचें।

    खबरें और भी

    अंतिम सूची को शुद्ध रखने के लिए समय रहते आपत्तियां देना जरूरी है। मतदाता किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री वोटर हेल्पलाइन 1950 या जिला प्रशासन की हेल्पलाइन 01822-233777 पर संपर्क कर सकते हैं।