राज्यसभा सांसद सीचेवाल का बड़ा कदम, DGP को लिखा पत्र; आम जनता की सुरक्षा के लिए छोड़ी अपनी सिक्योरिटी
राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने अपनी सरकारी सुरक्षा वापस करने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

राज्यसभा सांसद सीचेवाल ने आम जनता की सुरक्षा के लिए छोड़ी अपनी सिक्योरिटी (फाइल फोटो)
HighLights
सांसद संत सीचेवाल ने अपनी सरकारी सुरक्षा वापस की।
डीजीपी पंजाब को पत्र लिखकर सुरक्षाकर्मी हटाने का अनुरोध।
बढ़ते अपराधों के मद्देनजर आम जनता की सुरक्षा पर जोर।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने अपनी सरकारी सुरक्षा वापस करने का फैसला किया है। पंजाब के डीजीपी को लिखे पत्र में उन्होंने अपनी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को तत्काल हटाने का अनुरोध किया है।
जहां पंजाब में अक्सर राजनीतिक नेता अतिरिक्त सुरक्षा प्राप्त करने की कोशिश करते हैं, वहीं सीचेवाल ने स्वेच्छा से अपनी सुरक्षा लौटाने का निर्णय लिया है। संत सीचेवाल ने सुरक्षा वापस करने के साथ-साथ पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि जालंधर जिले के लोहियां क्षेत्र और सुल्तानपुर लोधी स्थित पवित्र काली बेईं के किनारे बढ़ रही लूटपाट और अपराध की घटनाओं को देखते हुए वे अपनी सुरक्षा वापस करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि उनके साथ छह सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और शुरुआत में भी उन्होंने सुरक्षा लेने से इनकार किया था। पत्र में उन्होंने लिखा, “हमें कोई खतरा नहीं है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा दी गई है। हमारी अपेक्षा आम लोगों को सुरक्षा की अधिक आवश्यकता है।”
उन्होंने सुझाव दिया कि उनके साथ तैनात छह सुरक्षाकर्मियों में से तीन को थाना लोहियां खास और तीन को थाना सुल्तानपुर लोधी में तैनात किया जाए, ताकि वे आम जनता की सुरक्षा के लिए अधिक उपयोगी साबित हो सकें।
सीचेवाल ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि इन क्षेत्रों में चोरी, लूटपाट और नशे से जुड़े अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने मलसियां पुलिस चौकी में पुलिस बल की कमी का हवाला देते हुए कहा कि अपराध बढ़ने के कारण लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उनके गांव सीचेवाल में एक ही रात में चोरी की आठ घटनाएं हुईं, जबकि बिजली की तारों की चोरी आम बात बन गई है। उन्होंने आगे लिखा कि श्री गुरु नानक देव जी के पवित्र चरणों से जुड़े तीर्थ स्थल पवित्र काली बेईं में आने वाली संगत भी अपराधों के कारण भय और असुरक्षा का माहौल महसूस कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा से कहीं अधिक महत्वपूर्ण आम जनता की सुरक्षा है।