Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कपूरथला की दशमेश कॉलोनी में खूनी संघर्ष, शराब ठेकेदार के कारिंदों और दूसरे गुट में फायरिंग; दो घायल

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 02:51 PM (IST)

    कपूरथला की दशमेश कॉलोनी में शराब ठेकेदार के कारिंदों और एक गुट के बीच हिंसक झड़प और फायरिंग हुई। ...और पढ़ें

    शराब ठेकेदार के कारिंदों और दूसरे गुट में फायरिंग (प्रतीकात्मक फोटो)

    शराब ठेकेदार के कारिंदों और दूसरे गुट में फायरिंग (प्रतीकात्मक फोटो)

    जागरण संवाददाता, कपूरथला। दशमेश नगर कॉलोनी में देर रात शराब ठेकेदार के कारिंदों और एक गुट के बीच हिंसक झड़प तथा फायरिंग की घटना सामने आई है। इसमें शराब ठेकेदार के दो कारिंदे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

    घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर पुलिस टीम के साथ गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके से तीन खोल भी बरामद किए हैं।

    कपूरथला के शराब ठेकेदार रमन कुमार ने बताया कि उनके कर्मचारी गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह देर रात कार (पीबी-03एजेड-1011) में दशमेश नगर कॉलोनी में अवैध शराब की बिक्री की सूचना के बाद अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए गए थे।

    इसी दौरान अवैध शराब का कारोबार करने वाले कुछ युवकों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और हवाई फायरिंग भी की।

    हमले में गंभीर घायल गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, थाना सिटी के एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

    उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाया है कि हवाई फायरिंग शराब ठेकेदार के कारिंदों की ओर से की गई है। ऐसे में सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी