लुधियाना में राहगीर को बचाना पड़ा भारी, बसंत आइसक्रीम के मैनेजर के घर पर हमला; परिवार को पीटा और कार तोड़ी
लुधियाना के गोपाल नगर में राहगीर को बचाने वाले बसंत आइसक्रीम के मैनेजर के घर बदमाशों ने हमला बोल दिया। परिवार से मारपीट कर कार तोड़ी और केस दर्ज हुआ।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
राहगीर को बचाने पर परिवार पर हमला हुआ।
बदमाशों ने घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट की।
पुलिस ने पांच नामजद समेत केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के गोपाल नगर इलाके में राहगीर को बदमाशों की पिटाई से बचाने की कोशिश करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि 15 से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के घर में घुसकर सदस्यों से मारपीट की और 6 से 7 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी। मामले में थाना हैबोवाल पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मल्हार रोड स्थित बसंत आइसक्रीम ब्रांच में मैनेजर के तौर पर काम करने वाले राजेश शर्मा उर्फ राजू पंडित ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले काली माता मंदिर के पास कुछ बदमाश एक युवक की पिटाई कर रहे थे। इसी दौरान वह अपनी गाड़ी के पास पहुंचे और नीचे उतरकर बदमाशों को पीछे धकेल दिया। इस बीच पिटाई का शिकार हो रहा युवक मौके से भाग निकला।
इससे गुस्साए बदमाशों ने राजेश के साथ गाली-गलौज की। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया, लेकिन बदमाशों की नाराजगी खत्म नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- DA मामले में पंजाब सरकार को हाईकोर्ट की फटकार, मुख्य सचिव पर ₹100000 जुर्माना
डिनर की तैयारी के दौरान घर में घुसे बदमाश
राजेश के मुताबिक, बदमाश उनका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गए। 24 अक्टूबर की रात परिवार खाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान दरवाजे पर दस्तक हुई। उनकी भाभी उषा रानी ने दरवाजा खोला तो सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख्खी उर्फ बिल्ला, रवि उर्फ कौड़ी, राहुल मेटा, शुभम नेपाली और विक्की कौशल समेत 10-12 अज्ञात लोग हथियारों के साथ घर में घुस आए।
यह भी पढ़ें- पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टर नेटवर्क की NIA जांच की मांग, सुनील जाखड़ ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू
आरोप है कि घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान घर से 6 से 7 हजार रुपये लूट लिए गए। बदमाशों ने बाहर खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी। थाना हैबोवाल पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।