Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में सिर्फ 15 गज जमीन के विवाद में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष की हत्या, आरोपी की हुई पहचान; गिरफ्तारी में जुटी पुलिस

    Updated: Mon, 30 Mar 2026 09:14 PM (IST)

    माछीवाड़ा के हाड़ियां गांव में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवाड़ी की 15 गज पंचायती जमीन विवाद के चलते हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में पुरानी रं ...और पढ़ें

    जमीन के विवाद में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष की हत्या। फाइल फोटो

    जमीन के विवाद में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष की हत्या। फाइल फोटो

    HighLights

    1. कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवाड़ी की बेरहमी से हत्या।

    2. 15 गज पंचायती जमीन विवाद हत्या का मुख्य कारण।

    3. आरोपी विजय कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी जारी।

    संवाद सूत्र, श्री माछीवाड़ा साहिब (लुधियाना)। महज 15 गज पंचायती जमीन के विवाद में कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष परमिंदर तिवाड़ी की गांव हाड़ियां में बीती रात बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई, जिसकी जड़ पंचायत की जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद था।

    पुलिस के अनुसार, आरोपित विजय कुमार, जो गांव तक्खरां-खोखरां का रहने वाला है, पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा कर वहां कमरे बनाकर रह रहा था। इतना ही नहीं, उसने पंचायत के एक कमरे को तोड़कर कब्जा बढ़ाने की कोशिश भी की थी। इस पर पंचायत और परमिंदर तिवाड़ी ने सख्ती दिखाते हुए उसे रोक दिया और मामले की शिकायत माछीवाड़ा थाने में दी, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।

    एडीसीपी जशनदीप सिंह गिल्ल ने खुलासा किया कि इसी रंजिश के चलते आरोपित ने तिवाड़ी की हत्या की। उन्होंने बताया कि आरोपित की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    कांग्रेस के समराला इंचार्ज रुपिंदर सिंह राजा गिल्ल ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जब तक आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक न तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा और न ही अंतिम संस्कार।

    उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। गांव में शोक की लहर है। विरोध स्वरूप मालवा चौक की सैकड़ों दुकानें बंद रहीं। लोग निष्पक्ष जांच और हत्यारोपितों को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।

    खबरें और भी

    परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    परमिंदर तिवाड़ी का इलाज फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। हालांकि परिवार को पहले उनकी गंभीर हालत की जानकारी दी गई थी। आज सुबह जैसे ही उनकी मौत की खबर पत्नी कुसुम तिवाड़ी और बच्चों को मिली घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य दविंदर तिवाड़ी, जो कनाडा में रहते हैं, तुरंत भारत के लिए रवाना हो गए हैं।

    राजनीति के साथ कारोबार में भी मजबूत पहचान

    परमिंदर तिवाड़ी कांग्रेस के सीनियर नेता होने के साथ-साथ एक सफल व्यवसायी भी थे। वे आढ़त का काम करते थे और गांव हाड़ियां में प्रवासी मजदूरों को किराये पर क्वार्टर भी उपलब्ध कराते थे। उनकी पत्नी एक निजी स्कूल संचालित करती हैं।